Advertisement

पोषण ट्रैकर मासिक प्रगति रैंकिंग एवं स्कोर कार्ड को लेकर डीडीसी ने की बैठक

डीडीसी ने कर्मियों को नियमित डेटा अपडेट करने का दिया निर्देश

एस. पी. सक्सेना/बोकारो। बोकारो जिले में पोषण सेवाओं की गुणवत्ता एवं निगरानी को सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से पोषण ट्रैकर आधारित मासिक प्रगति रैंकिंग एवं स्कोर कार्ड (जनवरी 2026) की समीक्षा को लेकर बोकारो के उप विकास आयुक्त (डीडीसी) शताब्दी मजूमदार की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई।

समाहरणालय स्थित कार्यालय कक्ष में आयोजित बैठक में बाल विकास परियोजना बेरमो, बोकारो स्टील सिटी एवं नावाडीह प्रखंडों का समीक्षा किया गया जो पिछली बार सबसे खराब प्रदर्शन किये थे। मौके पर जिला समाज कल्याण पदाधिकारी डॉ सुमन गुप्ता, सीडीपीओ राज किशोरी खलको, महिला पर्यवेक्षक सहित अन्य कर्मी उपस्थित थे। बैठक के दौरान पोषण ट्रैकर में दर्ज आंकड़ों के आधार पर विभिन्न परियोजनाओं एवं आंगनबाड़ी केंद्रों के प्रदर्शन की समीक्षा की गई।

बैठक के दौरान उप विकास आयुक्त शताब्दी मजूमदार ने कहा कि पोषण ट्रैकर के माध्यम से लाभार्थियों का सही एवं अद्यतन डेटा उपलब्ध होने से योजनाओं के क्रियान्वयन की वास्तविक स्थिति का आकलन संभव होता है, इसलिए सभी कर्मियों को नियमित रूप से डेटा अपडेट करने और गुणवत्तापूर्ण सेवा सुनिश्चित करने की आवश्यकता है। उन्होंने निर्देश दिया कि बच्चों का नियमित वजन एवं लंबाई मापन, कुपोषित बच्चों की पहचान, गर्भवती एवं धात्री महिलाओं की निगरानी तथा टेक होम राशन वितरण की जानकारी समय पर पोर्टल में दर्ज की जाए। जिन परियोजनाओं का प्रदर्शन अपेक्षाकृत कम है, वहां विशेष निगरानी एवं सुधारात्मक कदम उठाने पर जोर दिया गया। उन्होंने कहा कि मासिक प्रगति रैंकिंग एवं स्कोर कार्ड का उद्देश्य केवल मूल्यांकन नहीं, बल्कि बेहतर प्रतिस्पर्धा और सेवाओं में सुधार लाना है।

उन्होंने जिला समाज कल्याण पदाधिकारी को समन्वय के साथ कार्य करते हुए जिले की रैंकिंग बेहतर करने का निर्देश दिया। साथ ही सभी बाल विकास परियोजना पदाधिकारियों को नियमित समीक्षा बैठक आयोजित करने तथा पोषण अभियान के लक्ष्यों को समयबद्ध तरीके से पूरा करने का निर्देश दिया।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *