रंजन वर्मा/कसमार (बोकारो)। बोकारो जिला के हद में चास नगर निगम चुनाव को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क और सक्रिय है।
आगामी 23 फरवरी को होने वाले मतदान से पूर्व जिले में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर व्यापक तैयारियां की गई हैं। मतदाताओं में विश्वास कायम करने और निष्पक्ष चुनाव सुनिश्चित करने के उद्देश्य से 18 फरवरी को विभिन्न इलाकों में पुलिस द्वारा फ्लैग मार्च निकाला गया।
ननि चुनाव को लेकर प्रशासन द्वारा संवेदनशील एवं अति-संवेदनशील बूथों की पहचान कर वहां विशेष निगरानी की व्यवस्था की गई है। सभी महत्वपूर्ण मतदान केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं, वहीं सुरक्षा बलों की अतिरिक्त तैनाती भी सुनिश्चित की गई है।
निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार चुनाव के दौरान मतदान केंद्रों के 100 मीटर दायरे में अनावश्यक भीड़, प्रचार-प्रसार और किसी भी प्रकार की अव्यवस्था पर प्रतिबंध लागू रहेगा। धारा 144 के प्रावधानों का सख्ती से पालन कराया जाएगा। जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि किसी भी प्रकार की गड़बड़ी, अफवाह या आचार संहिता उल्लंघन पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और भयमुक्त मतदान के लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। बोकारो जिला प्रशासन ने मतदाताओं से अपील की है कि वे निर्भीक होकर अपने मताधिकार का प्रयोग करें और लोकतंत्र के इस पर्व को सफल बनाए।
![]()













Leave a Reply