रेलवे वेतन पैकेज के रूप में एक-एक करोड़ रुपये के प्रदान किए गए चेक
प्रहरी संवाददाता/सारण (बिहार)। सारण जिला के निकटवर्ती वैशाली जिला के हद में पूर्व मध्य रेलवे मुख्यालय हाजीपुर के महाप्रबंधक छत्रसाल सिंह ने 17 फरवरी को मुख्यालय में सोनपुर मंडल के दो दिवंगत रेलवे कर्मचारियों के आश्रितों को रेलवे वेतन पैकेज के तहत एक-एक करोड़ रुपये का चेक सौंपा।
महाप्रबंधक सिंह के निर्देश एवं सोनपुर मंडल के मंडल रेल प्रबंधक अमित सरन के मार्गदर्शन में सोनपुर मंडल द्वारा दिवंगत कर्मचारियों के आश्रितों को समस्त देय राशि का त्वरित एवं पारदर्शी भुगतान सुनिश्चित किया गया। इस अवसर पर अपर महाप्रबंधक अमरेन्द्र कुमार, प्रधान मुख्य कार्मिक अधिकारी एस.सी. श्रीवास्तव तथा स्टेट बैंक ऑफ इंडिया के प्रतिनिधि उपस्थित थे।
पारिवारिक पेंशन की भी मिली स्वीकृत
जानकारी के अनुसार सोनपुर रेल मंडल में कार्यरत दो रेल कर्मचारियों के असामयकि निधन के उपरांत उनके आश्रितों को नियमानुसार समस्त समापक देयक एवं पारिवारिक पेंशन शीघ्र स्वीकृत की गई। भारतीय रेल एवं स्टेट बैंक ऑफ़ इंडिया के बीच रेलवे सैलरी पैकेज समझौते के तहत बीमा प्रावधान के अनुसार दुर्घटना में असामयिक मृत्यु होने पर एक करोड़़ रूपए राशि जमा कराई गई।
महाप्रबंधक कार्यालय हाजीपुर के मुख्य जन सम्पर्क अधिकारी सरस्वती चंद्र ने उपरोक्त जानकारी दी। उन्होंने बताया कि विदित हो कि भारतीय रेल एवं स्टेट बैंक ऑफ़ इंडिया के मध्य रेलवे सैलरी पैकेज के अंतर्गत संपादित समझौते के प्रावधानानुसार, दुर्घटना में असामयिक मृत्यु की स्थिति में एक करोड़ रूपए की बीमा राशि देय है। तदनुसार दोनों आश्रितों के खातों में 1-1 करोड़ रूपए की बीमा राशि जमा कराई गई, जिसे महाप्रबंधक सिंह द्वारा दोनों आश्रितों को चेक प्रदान किए गए। यह त्वरित कार्यवाही प्रशासन एवं बैंक के समन्वय का उत्कृष्ट उदाहरण है।
![]()













Leave a Reply