Advertisement

गर्लफ्रेंड से देर रात दोस्तों संग मिलने पहुंचा आशिक

गांववालों ने आशिक को पकड़कर किया मूंडन

संतोष कुमार झा/ मुजफ्फरपुर (बिहार)। बिहार में एक कहावत प्रचलित है- इश्क में दिल से धतूरा हुआ, दिल टूटा इश्क पूरा हुआ। मुजफ्फरपुर (Muzaffarpur) में एक युवक के साथ कुछ ऐसा ही हुआ है। दरअसल, मधुर मिलन की ख्वाहिशों पर इतने ओले पड़े कि माशूका के गांव में आशिक बेचारा गंजा हो गया। इतना ही नहीं ‘प्रेम के दुमनों’ ने मुंडन का वीडियो बनाकर वायरल भी कर दिया। अब इस फ़साने की तफसील समझिये।

मामला मुजफ्फरपुर जिला के हद में औराई और सीतामढ़ी जिला के हद में सैदपुर थाना इलाकों के बीच की बताई जा रही है। जानकारी के मुताबिक औराई के धसना गांव का एक युवक सैदपुर की मदार गांव की एक युवती से प्रेम करता था। बीते 27 जुलाई की रात अचानक वह अपने दो दोस्तों के साथ प्रेमिका के गांव पहुंच गया। प्रेमिका से उसकी मुलाकात भी हुई, लेकिन मोहब्बत का यह राज सरेआम हो गया।

ग्रामीणों को पता चला कि दूसरे गांव का लड़का गांव की लड़की पर डोरे डाल रहा है तो फिर मानो गांव में तूफान आ गया। सबक सिखाने की योजना बनी और लोगों ने तीनों को मौके से पकड़ लिया गया। पहले तीनों की जमकर खातिरदारी हुई। फिर उनके बाल मुंडवा दिए गए। सज़ा ऐसी कि मुंडन भी पूरे सिर का नहीं किया गया। तीनों के सिर के बीच से मुंडन का एक डिजाइन बना दिया गया। इतना ही नहीं सजा देने वालों ने इस पूरे वाकये का वीडियो बनाया और उसे वायरल कर दिया। वायरल वीडियो जिले में चर्चा का विषय बना हुआ है।

खास बात यह प्रेमी के सिर से इश्क का भूत भी उतर चुका है। किसी भी थाने को घटना की सूचना नहीं है। युवक ने किसी थाने में शिकायत भी दर्ज नहीं कराई है। बहरहाल खबर यह है कि अब तीनों युवकों ने अपना पूरा सिर मुंडवा लिया है, ताकि मामला छिप जाए। लेकिन वायरल वीडियो उनकी इस मंशा पर भी पानी फेर रहा है।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *