Advertisement

मंत्री और डॉक्टरों के विरोध के बाद बिहार में बदले गए स्वास्थ्य सचिव

प्रत्यय अमृत को मिली स्वास्थ्य सचिव की कमान

संतोष कुमार झा/ मुजफ्फरपुर (बिहार)। कोरोना वायरस (Coronavirus) महामारी से जंग के बीच बिहार में स्वास्थ्य विभाग में सचिव की अदला-बदली का दौर जारी है। मंत्री और डॉक्टरों के भारी विरोध के बाद आखिरकार राज्य सरकार ने 27 जुलाई को इस पद पर कुछ ही दिन पहले प्रधान सचिव के तौर पर लाए गए उदय सिंह को हटा दिया गया। स्वास्थ्य विभाग के प्रधान सचिव की जिम्मेदारी अब भारतीय प्रशासनिक सेवा के अधिकारी प्रत्यय अमृत को सौंपी गई है।

ज्ञात हो कि प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडेय ने भी उदय सिंह को स्वास्थ्य सचिव के पद से हटाए जाने को लेकर सीएम नीतीश कुमार से बात की थी। आईएमए ने भी उनकी कार्यशैली को लेकर सख्त विरोध जताया था। इससे पहले कोरोना की समीक्षा बैठक में खुद मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने भी उदय सिंह को उनकी कार्यशैली के लिए फटकार लगाई थी। सीएम ने साफ कहा था कि ठीक से काम नहीं कर सकते तो विभाग छोड़ दीजिए।

स्वास्थ्य विभाग के पूर्व प्रधान सचिव उदय सिंह की कार्यशैली को लेकर डॉक्टरों के संगठन आईएमए (IMA) ने भी अपना विरोध दर्ज कराया था। आईएमए के सचिव डॉ. सुनील कुमार और वरीय उपाध्यक्ष डॉ. अजय कुमार ने 27 जुलाई को स्पष्ट तौर पर कहा कि संजय कुमार के रहते बिहार में कोरोना के हालात नियंत्रण में थे, लेकिन उदय सिंह के आने के बाद स्थिति खराब होती जा रही है।

संगठन के पदाधिकारियों ने बिहार के अस्पतालों के हालात और अन्य मामलों की तरफ इशारा करते हुए कहा था कि पहले जहां कोरोना से जुड़े डाटा सही आ रहे थे, अस्पतालों की मॉनिटरिंग की जा रही थी। वहीं अब हर जगह हालत खराब है। न तो सचिव किसी से संवाद करते हैं और न राय देते हैं। इससे पहले प्रधान सचिव उदय सिंह की कार्यशैली को लेकर खुद मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने भी नाराजगी जताई थी।

दो दिन पूर्व कैबिनेट बैठक के दौरान सीएम ने उन्हें हालात से निपटने को लेकर सार्वजनिक तौर पर चेतावनी भी दी थी। मुख्यमंत्री ने उदय सिंह को प्रतिदिन 20 हजार सैंपल जांच का टार्गेट दिया था। इसे पूरा न करने को लेकर उन्हें फटकार लगाई गई थी। इसके बाद ही सचिवालय में यह चर्चा गर्म थी कि जल्द ही उदय सिंह को उनके पद से हटाया जा सकता है। कैबिनेट मीटिंग के दो दिन बाद ही सरकार ने उदय सिंह को हटाकर प्रत्यय अमृत को स्वास्थ्य विभाग का प्रधान सचिव बनाने की अधिसूचना जारी कर दी है।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *