प्रहरी संवाददाता/गोमिया (बोकारो)। बोकारो जिला के हद में गोमिया प्रखंड के पुन्नू में जंगली हाथियों ने जमकर उत्पात मचाया। हाथियों के कहर से यहां पति-पत्नी समेत तीन की दर्दनाक मौत घटना स्थल पर हीं हो गयी। घटना के बाद से रहिवासियों में भय का माहौल व्याप्त है।
जानकारी के अनुसार गोमिया प्रखंड के हद में महुआटांड के बड़कीपुन्नू करमाली टोला में 5 फरवरी की अहले सुबह जंगली हाथी के हमले से एक ही परिवार के तीन सदस्यों की दर्दनाक मौत घटनास्थल पर ही हो गई। मृतकों में पति-पत्नी और उनकी गौतनी शामिल हैं। इस घटना से पूरे इलाके में भय का माहौल है। मृतकों की पहचान बड़कीपुन्नू करमाली टोला रहिवासी गंगा करमाली, उसकी पत्नी कमली देवी एवं गौतनी भागिया देवी के रूप में की गई है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार 5 फरवरी की अहले सुबह जंगली हाथी गांव में घुस आया और रहिवासियों पर हमला कर दिया। हमले में तीनों की मौके पर ही मौत हो गई। बताते चले कि इससे पूर्व बीते कुछ महीनो में हाथियों के हमले से जंगल क्षेत्र में रह रहे लगभग एक दर्जन रहिवासियों मौत हो चुकी है।
उक्त घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग और स्थानीय प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। वहीं रहिवासियों ने हाथियों की बढ़ती आवाजाही पर रोक लगाने और पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा देने की मांग की है।
मौके पर गोमिया के अंचल अधिकारी (सीओ) आफताब आलम एवं प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) महादेव कुमार महतो पीड़ित परिवार को सांत्वना देते हुए सरकार की ओर से हर संभव मदद करने की बात कही। घटना के बाद प्रशासन द्वारा क्षेत्र में निगरानी बढ़ा दी गई है और रहिवासियों से सतर्क रहने की अपील की गई है।
![]()













Leave a Reply