विधान परिषद सदस्य शशि यादव ने मामला उठाया, कार्रवाई का आश्वासन
एस. पी. सक्सेना/समस्तीपुर (बिहार)। बिहार में इंटरमीडिएट के छात्र-छात्राओं को महज 2 मिनट लेट से परीक्षा केंद्र पर पहुंचने को लेकर परीक्षा केंद्र से बाहर करने के मामले पर आपत्ति व्यक्त करते हुए मामले को विधान परिषद में 5 फरवरी को भाकपा माले विधान परिषद सदस्य शशि यादव ने सदन में उठाया।
विधान परिषद सदस्य शशि यादव ने कहा कि 2-5 मिनट लेट होने पर परीक्षा में बैठने नहीं देने से परीक्षार्थी का एक वर्ष बर्बाद हो गया। इसे गंभीर मामला बताते हुए विधान परिषद अध्यक्ष ने मामले पर चर्चा कराने की सहमति जताई। विदित हो कि बीते 2 फरवरी से आयोजित इंटरमीडिएट परीक्षा के दौरान समस्तीपुर जिला के हद में आर बी कॉलेज दलसिंह सराय सहित अन्य परीक्षा केंद्रों पर सड़क जाम एवं खराब मौसम के कारण कई परीक्षार्थी लेट पहुंचे थे। मौके पर तैनात पुलिस, मजिस्ट्रेट एवं केंद्राधीक्षक आदि ने छात्रों को परीक्षा से बाहर कर दिया था। इस मामले को छात्र संगठन आइसा जिला प्रभारी सह भाकपा माले जिला स्थायी समिति सदस्य सुरेंद्र प्रसाद सिंह ने भी पुरजोर तरीके से उठाकर परीक्षार्थी को न्याय देने, उनके साथ मानवीयता बरतने एवं दोषी अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग की थी।

भाकपा माले विधान परिषद सदस्य शशि यादव ने 5 फरवरी को इसे गंभीर मानते हुए इस मामले को सदन में उठाकर परीक्षा से वंचित किये गये छात्र-छात्राओं को न्याय दिलाने की मांग की, जिसे आसन ने भी गंभीर मामला मानते हुए इस पर चर्चा कराने की बात कही। इससे परीक्षा से वंचित छात्र-छात्राओं को न्याय मिलने एवं भविष्य में ऐसे सख्त नियम के शिकार होने से छात्र-छात्रा बच सकेंगे।
माले विधान परिषद सदस्य यादव ने बिहार विधान परिषद में 2 मिनट देर से पहुंचने पर परीक्षा से वंचित करने के मामले को मानवीय और प्राकृतिक न्याय का उल्लंघन बताते हुए परीक्षार्थी के वर्षों के करियर पर हमला कहा है। उनके द्वारा सदन में इस मुद्दा को शून्यकाल में उठाया गया। इस पर सदन में सभापति ने कहा कि मामला गंभीर है। इस पर जरूर संज्ञान लिया जाना चाहिए। कहा कि बच्चों के कैरियर की रक्षा होनी चाहिए।
![]()













Leave a Reply