Advertisement

डीएम ने किया छपरा शहर से जल निकासी के लिए आउटलेट का स्थलीय निरीक्षण

अवध किशोर शर्मा/सारण (बिहार)। सारण के जिलाधिकारी (डीएम) वैभव श्रीवास्तव ने 4 फरवरी को जिला मुख्यालय छपरा के सभी छोटे – बड़े नालों तथा उनके आउटलेट का स्थलीय निरीक्षण किया।

बताया जाता है कि डीएम ने नगर आयुक्त छपरा नगर निगम, वरीय परियोजना अभियंता बुडको एवं उनकी टीम, सहायक अभियंता पथ प्रमंडल छपरा, अंचलाधिकारी सदर तथा अमीन के साथ छपरा नगर निगम एवं सदर प्रखंड के खनुआ नाला तथा छपरा शहर की जल निकासी के लिए सभी छोटे – बड़े नालों तथा उनके आउटलेट का स्थलीय निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान उप समाहर्ता भूमि सुधार सदर एवं अंचलाधिकारी सदर को साढ़ा ढाला ओवर ब्रिज के नीचे से जटही पोखरा होते दूधिया पोखरा से तेल नदी तक तथा दूधिया पोखरा से बग्घी नाला तक नक्शा में प्रदर्शित सभी छोटे बड़े नालों की मापी कराने का निर्देश दिया गया। सभी नालों की मापी कराकर पिलर अथवा अन्य सामग्री से 15 दिनों में मार्किंग कराने का निर्देश दिया गया।

इस अवसर पर वरीय परियोजना अभियंता बुडको को छपरा नगर निगम के पटेल छात्रावास से आईडीएस पब्लिक स्कूल तक शेष 200 मीटर खनुआ नाला का निर्माण कार्य एक सप्ताह के अंदर प्रारंभ करने का निर्देश दिया गया। साथ ही खनुआ नाला से जुड़ने वाले सभी प्राथमिक नालों के जुड़ाव स्थल पर स्क्रीन लगाना तथा जंक्शन चैंबर बनाने का निर्देश दिया गया, ताकि खनुआ नाला में प्लास्टिक संबंधी कचरा प्रवेश न कर पाए।

डीएम द्वारा नगर आयुक्त छपरा नगर निगम को पूरे शहर एवं उसके आसपास का मास्टर ड्रेनेज प्लान तैयार करने में सहयोग के लिए नगर विकास एवं आवास विभाग से एक परामर्शी नियुक्त करने के लिये विभाग को अनुरोध पत्र भेजने का निर्देश दिया गया। कार्यपालक अभियंता पथ प्रमंडल छपरा को नगर निगम द्वारा बनाए गए सभी कलवर्ट की मरम्मति कराने हेतु अविलंब प्राक्कलन तैयार करने का निर्देश दिया गया। निदेशक डीआरडीए एवं प्रखंड विकास पदाधिकारी सदर को ठोस और तरल अपशिष्ट प्रबंधन के तहत दूधिया पोखरा में अपशिष्ट जल स्थिरीकरण ताल
(वेस्ट वॉटर स्टेबलिसेशन पॉन्ड) स्थापित करने के लिए योजना लेने का निर्देश दिया गया।

साथ ही दूधिया पोखरा से तेल नदी तक नाला निर्माण के लिए मनरेगा, पंचायत समिति, जिला परिषद से छोटी – छोटी योजना लेकर आबादी वाले भाग में कवर नाला तथा शेष भाग पर खुला नाला का निर्माण कराने के लिए अविलंब आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *