प्रहरी संवाददाता/कसमार (बोकारो)। बोकारो के सिटी सेंटर सेक्टर-4 स्थित तनिष्क शोरूम में बीते माह 11 जनवरी को हुए डकैती के प्रयास मामले का बोकारो पुलिस ने उद्भेदन कर लिया है। पुलिस ने इस मामले में बिहार के बेगूसराय जिले के दो अपराधियों को गिरफ्तार कर उनके पास से एक पिस्टल एवं पांच जिंदा कारतूस बरामद किया हैं। घटना में शामिल अन्य अपराधियों की तलाश लगातार जारी है।
बोकारो पुलिस अधीक्षक (एसपी) हरविंदर सिंह द्वारा 3 फरवरी को बताया गया कि 11 जनवरी की शाम करीब चार बजे सात हथियारबंद अपराधियों ने सेक्टर चार थाना क्षेत्र के सिटी सेंटर में स्थित तनिष्क शोरूम में डकैती का प्रयास किया था। इनमें से दो अपराधी पुलिस की वर्दी में थे। सबसे पॉश इलाके माने जाने वाले सिटी सेंटर में दिनदहाड़े हुई इस वारदात से इलाके में हड़कंप मच गया था। हालांकि शोरूम के सुरक्षा गार्ड की सतर्कता से डकैती की घटना टल गई।
जानकारी के अनुसार, शोरूम में प्रवेश के दौरान एक अपराधी के मास्क पहने होने पर गार्ड को संदेह हुआ। गार्ड द्वारा रोकने पर अपराधी से हाथापाई हुई और इस दौरान गार्ड की बंदूक छीन ली गई। इसी बीच शोरूम का सायरन बजते ही अपराधी हथियार लहराते हुए फरार हो गए। पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई थी।
बताया गया कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर सिटी डीएसपी के नेतृत्व में गठित टास्क फोर्स ने बिहार सहित अन्य संभावित ठिकानों पर छापेमारी की, जिसमें पुलिस को सफलता मिली। एसपी ने बताया कि गिरफ्तार अपराधियों का आपराधिक इतिहास रहा है तथा इनमें से एक पर पश्चिम बंगाल के सिलीगुड़ी स्थित तनिष्क शोरूम में भी डकैती के प्रयास का मामला दर्ज है। उन्होंने कहा कि पुलिस अन्य फरार अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है।
![]()













Leave a Reply