Advertisement

डीएम एवं एसएसपी ने किया इन्टरमीडिएट वार्षिक परीक्षा केंद्रों का भ्रमण

अवध किशोर शर्मा/सारण (बिहार)। बिहार में इन्टरमीडिएट वार्षिक सैद्धान्तिक परीक्षा 2 फरवरी से प्रारंभ हो गया है।

परीक्षा को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं कदाचार मुक्त वातावरण में सम्पन्न कराने के लिए परीक्षा के प्रथम दिन 2 फरवरी को सारण के जिलाधिकारी वैभव श्रीवास्तव एवं वरीय पुलिस अधीक्षक विनीत कुमार ने संयुक्त रूप से जिला मुख्यालय छपरा नगर निगम अंतर्गत राम जयपाल कॉलेज, गर्ल्स स्कूल, ब्रजकिशोर किंडर गार्डेन स्कूल, गुरुकुल क्लासेस सहित विभिन्न परीक्षा केंद्रों का भ्रमण किया तथा शांतिपूर्ण एवं कदाचार मुक्त वातावरण में परीक्षा संचालन कराने के परिप्रेक्ष्य में विधि व्यवस्था संधारण का जायजा लिया।

अधिकारियों ने संबंधित दंडाधिकारियों एवं पुलिस पदाधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। सारण पुलिस द्वारा सभी परीक्षा केंद्रों पर व्यापक स्तर पर सुरक्षा व्यवस्था की गई है। परीक्षा के सफल संचालन के लिए सभी केंद्रों पर पुलिस बल की सक्रिय तैनाती सुनिश्चित की गई है। इसके साथ ही, वरिष्ठ पुलिस पदाधिकारीगण स्वयं लगातार भ्रमणशील रहकर परीक्षा प्रक्रिया की निगरानी कर रहे हैं, जिससे समूचे जिले में परीक्षा शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित रूप से आयोजित की जा रही है।

सोनपुर में इंटरमीडिएट परीक्षा के प्रथम दिन 27 परीक्षार्थी अनुपस्थित

सारण जिला के हद में सोनपुर अनुमंडल मुख्यालय सोनपुर के आधा दर्जन परीक्षा केन्द्रों पर प्रथम दिन की इंटरमीडिएट परीक्षा शांतिपूर्ण, स्वच्छ एवं कदाचार रहित संपन्न हुआ। दोनों ही पालियों में सम्पन्न परीक्षा में कुल 27 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे। कोई भी परीक्षार्थी निष्कासित नहीं किया गया और न किसी की गिरफ्तारी की सूचना है।

सोनपुर के अनुमंडल पदाधिकारी स्निग्धा नेहा द्वारा जारी खैरियत प्रतिवेदन के अनुसार 2 फरवरी को प्रथम पाली में कुल 2347 परीक्षार्थियों में 2323 परीक्षा में शामिल हुए, यानी परीक्षा से 23 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे। जबकि दूसरी पाली में कुल 184 परीक्षार्थियों में से 180 ही परीक्षा देने पहुंचे। चार परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे। किसी भी परीक्षा केन्द्रों पर नकल को ले चहारदीवारी फांद कर प्रवेश नहीं किया गया है।


बताया गया कि आज शिशु संघ उच्चतर विद्यालय में प्रथम पाली में 387, द्वितीय में 25, आरएसडी महिला कॉलेज में प्रथम पाली में 523 एवं द्वितीय पाली में 53, एसपीएस सेमिनरी में प्रथम पाली में 439 एवं द्वितीय पाली में 29, मैक्सवेल हाई स्कूल में प्रथम पाली में 473 एवं द्वितीय पाली में 39, गर्ल्स हाई स्कूल पहाड़ीचक में प्रथम पाली में 370 एवं द्वितीय पाली में 18, शिव दुलारी उच्च विद्यालय में प्रथम पाली में 131 एवं द्वितीय पाली में 16 परीक्षार्थियों ने परीक्षा दी। ज्ञात हो कि, प्रथम पाली में बायोलॉजी और फिलॉसफी विषय तथा दूसरी पाली में इकोनॉमिक्स विषय की परीक्षा ली गयी।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *