प्रखंड विकास पदाधिकारियों को मिला अंचल अधिकारी का प्रभार
अवध किशोर शर्मा/सारण (बिहार)। अंचलाधिकारियों द्वारा 2 फरवरी से हड़ताल पर जाने को लेकर सारण के जिलाधिकारी वैभव श्रीवास्तव ने राजस्व संबंधी कार्यों के सफलतापूर्वक संचालन के मद्देनजर राज्य सरकार द्वारा दिए निर्देश के आलोक में सभी प्रखंड विकास पदाधिकारियों को अंचलाधिकारी का प्रभार दिया है।
जिलाधिकारी श्रीवास्तव ने बताया कि 2 फरवरी को अपर समाहर्ता, जिला कृषि पदाधिकारी सहित सभी प्रखंडों के वरीय प्रभारी पदाधिकारियों, सभी राजस्व कर्मचारियों, सभी राजस्व अमीनों, सभी राजस्व के कंप्यूटर ऑपरेटरों के साथ राज्य के सभी अंचलाधिकारियों द्वारा कथित तौर पर हड़ताल पर जाने की सूचना के परिप्रेक्ष्य में कार्य संचालन के निमित्त समीक्षात्मक बैठक आयोजित की गयी।
जिलाधिकारी द्वारा सभी प्रखंडों के वरीय प्रभारी पदाधिकारियों को निर्देश दिया गया कि आज संध्या में ही सभी प्रखंड विकास पदाधिकारियों द्वारा अपने – अपने क्षेत्रांतर्गत अंचल अधिकारी का प्रभार विधिवत् रूप से ग्रहण कर लें, इसे सुनिश्चित कराएं तथा आज ही सभी अंचलाधिकारियों से उनके सरकारी वाहन एवं डोंगल वापस लेते हुए प्रखंड विकास पदाधिकारियों के नाम से कल तक नए डोंगल का निर्माण कराना सुनिश्चित करेंगे, ताकि राजस्व से संबंधित किसी भी कार्य में कोई रुकावट न आने पाए।
जिलाधिकारी श्रीवास्तव ने बताया कि राजस्व की पूरी टीम एवं कृषि विभाग की पूरी टीम को निर्देश दिया गया कि 3 फरवरी सुबह 7 बजे से सभी प्रखंडों में फार्मर रजिस्ट्री निर्माण का कार्य प्रारंभ करते हुए फॉर्मर रजिस्ट्री के कार्य में अपेक्षित प्रगति लाना सुनिश्चित करें।
![]()













Leave a Reply