Advertisement

फर्जी आईएएस बनकर डीएम से मिलने पहुंचा युवक गिरफ्तार, थाना में मामला दर्ज

अवध किशोर शर्मा/सारण (बिहार)। सारण जिला समाहरणालय में 2 फरवरी को अपराह्न 3 बजे फर्जी आईएएस बनकर जिलाधिकारी (डीएम) से मिलने पहुंचा युवक शक के आधार पर गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तार फर्जी आईएएस के खिलाफ छपरा टाउन थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई है।

बताया जाता है कि एक व्यक्ति सारण जिला मुख्यालय छपरा स्थित समाहरणालय में प्रतिनियुक्त आदेशपाल से अपना नाम रीतेश कुमार, पिता कृष्णा पंडित, ग्राम -बसाढ़ी, थाना-छपरा मुफस्सिल बताते हुए कहा कि वह वर्तमान में मेरठ में आईएएस के पद पर पदस्थापित है तथा उसे जिलाधिकारी से मिलना है। स्वाभाविक रूप से उसे जिलाधिकारी से मिलने के लिए कार्यालय प्रकोष्ठ के अंदर भेजा गया।

अपने कार्यालय कक्ष में बैठे जिलाधिकारी वैभव श्रीवास्तव ने जब उससे पहचान पत्र की मांग की तो उसके द्वारा अनभिज्ञता जाहिर की गयी। तत्पश्चात् पूछताछ करने पर उसके द्वारा बताया गया कि वह आईएएस या अन्य कोई सरकारी पद पर पदस्थापित नहीं है। वह अपना धौंस दिखाने के लिए आईएएस ऑफिसर बनकर जगह-जगह सरकारी कार्यालयों में जाकर अधिकारियों से मिलता है।

साथ हीं इसके एवज में किसी व्यक्ति का काम हो जाता है तो संबंधित से मोटी रकम वसूलता है। उसके द्वारा फर्जी आईएएस बनकर अवैध राशि वसूलने का कार्य किया जाता है, जो एक अपराध है। जिलाधिकारी के निर्देश पर उक्त व्यक्ति के विरूद्ध टाउन थाना में प्राथमिकी दर्ज करते हुये गिरफ्तार किया गया है। पुलिस गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ कर रही है।

 

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *