Advertisement

धनबाद के सिंह मेंशन में बमबारी, दहशत में रहिवासी

प्रहरी संवाददाता/धनबाद (झारखंड)। धनबाद के सरायढेला थाना क्षेत्र में एक फरवरी की देर रात उस वक्त हड़कंप मच गया, जब झरिया विधायक रागिनी सिंह के आवास सिंह मेंशन पर अज्ञात अपराधियों ने बमबाजी की।

जानकारी के अनुसार उक्त घटना रात्रि लगभग 11:30 बजे की बतायी जा रही है, जब मोटरसाइकिल सवार दो अज्ञात बदमाश मौके पर पहुंचकर पहला बम सिंह मेंशन की चहारदीवारी के भीतर फेंका, जो उस स्थान पर फटा जहाँ झरिया विधायक रागिनी सिंह और उनके परिजन अक्सर बैठते हैं। संयोगवश उस वक्त परिवार के सभी सदस्य घर के अंदर थे, जिससे कोई हताहत नहीं हुआ।

बताया जाता है कि घटना के समय विधायक रागिनी सिंह, उनके पति तथा झरिया के पूर्व विधायक संजीव सिंह सहित परिवार के सभी सदस्य आवास में ही मौजूद थे। रहिवासियों के अनुसार दूसरा बम अपराधी अंदर फेंकने में सफल नहीं हो सके और वह सिंह मेंशन के मुख्य गेट के बाहर ही फट गया। धमाकों की आवाज से पूरे इलाके में दहशत फैल गया। घटना की सूचना पाकर सरायढेला थाना की पुलिस मौके पर पहुंची। धनबाद के सिटी एसपी ऋत्विक श्रीवास्तव स्वयं सिंह मेंशन पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस द्वारा मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है तथा सीसीटीवी फुटेज के सहारे अपराधियों की पहचान करने का प्रयास जारी है।

जानकारी के अनुसार उक्त घटना के बाद आसपास के इलाके में भय और तनाव का माहौल है। ज्ञात हो कि झरिया के पूर्व विधायक संजीव सिंह धनबाद नगर निगम के मेयर पद का चुनाव लड़ने की घोषणा की है। वे आगामी 3 फरवरी को नामांकन करने की तैयारी में हैं। ऐसे में उक्त बमबाजी की घटना को लेकर राजनीतिक हलकों में भी हलचल तेज है। फिलहाल पुलिस हर एंगल से मामले की तफ्तीश में जुटी है।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *