अवध किशोर शर्मा/सारण (बिहार)। माघी पूर्णिमा के अवसर पर एक फरवरी को वैशाली जिला मुख्यालय हाजीपुर के कौनहारा घाट एवं सारण जिला के हद में सोनपुर स्थित गंगा -गंडक नदियों के विभिन्न घाटों पर लाखों श्रद्धालुओं ने आस्था की पवित्र डुबकी लगायी।
जानकारी के अनुसार माघी पूर्णिमा के अवसर पर सोनपुर के कालीघाट, पहलेजा धाम घाट पर भी स्नानार्थियों की बड़ी भीड़ स्नान करती देखी गई। इस दौरान घाटों पर स्नान – दान, संकल्प, मुंडन संस्कार का दौर भी चला।
वहीं, हाजीपुर नगर महादेव पतालेश्वर नाथ एवं सोनपुर में बाबा हरिहरनाथ सहित विभिन्न शिवालयों में हजारों की संख्या में श्रद्धालुओं ने जलाभिषेक किया। कौनहारा घाट पर अहले सुबह से ही प्रशासन के द्वारा किए गए पुख्ता व्यवस्था के बीच श्रद्धालुओं ने नारायणी नदी में डुबकी लगाई। भक्तों ने यहां नेपाली छावनी शिव मंदिर में भी जलाभिषेक किया। कौनहारा घाट स्थित बड़ी काली मंदिर, जोड़ा मंदिर में भी भक्तों की भीड़ पूजा -अर्चना करती देखी गई।
सोनपुर में काली घाट, श्रीगजेन्द्र मोक्ष देवस्थानम घाट पर स्नान को लेकर सर्वाधिक भीड़ दिखी। यहां कि लोकसेवा आश्रम एवं अष्टायम संकीर्तन, धनुष कुटी आश्रम में श्रीराम नाम संकीर्तन, भगवान सूर्य मंदिर परिसर में जय श्रीराम भजन निरंतर वातावरण में गूंज रहा था। पहलेजा धाम स्थित गंगा माता मंदिर में हजारों भक्तों ने आज माता गंगा की पूजा – अर्चना कर उनका आशीर्वाद ग्रहण किया। सबलपुर स्थित गंगा – गंडक नदियों के मूल संगम बाबा घाट एवं सुखदेव घाट पर भी सैकड़ों श्रद्धालुओं ने पवित्र स्नान किया एवं शिव शक्ति गोरखाई नाथ मंदिर में जलाभिषेक किया।
![]()













Leave a Reply