Advertisement

जागरूकता कार्यक्रम में मंत्री ने बच्चों को किया साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक

रंजन वर्मा/कसमार (बोकारो)। बोकारो जिला के हद में कसमार प्रखंड के मंजूरा स्वास्थ्य उपकेंद्र के समीप 31 जनवरी को एक दिवसीय चिल्ड्रेन पिकनिक सह जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में झारखंड सरकार के मंत्री योगेंद्र प्रसाद मुख्य अतिथि के रूप में सम्मिलित हुए।

कार्यक्रम के दौरान बाल संरक्षण, साइबर अपराध एवं सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग जैसे अत्यंत महत्वपूर्ण विषयों पर बच्चों, अभिभावकों एवं उपस्थित जनसमूह को विस्तार से जागरूक किया गया। इस अवसर पर मंत्री योगेंद्र प्रसाद ने अपने संबोधन में कहा कि आज के डिजिटल युग में बच्चों की सुरक्षा हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। सही मार्गदर्शन, सतत जागरूकता और सतर्कता के माध्यम से ही बच्चों को साइबर अपराध से सुरक्षित रखा जा सकता है।

उन्होंने कहा कि अभिभावकों और शिक्षकों की भूमिका इस दिशा में बेहद अहम है, ताकि बच्चे तकनीक का सकारात्मक और सुरक्षित उपयोग कर सके। कसमार प्रखंड प्रमुख नियोती कुमारी ने कहा कि ऐसे जागरूकता कार्यक्रम बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए आवश्यक हैं। इससे न केवल बच्चों को नई जानकारियां मिलती हैं, बल्कि अभिभावक भी सजग होते हैं। बीडीओ नम्रता जोशी ने कहा कि प्रशासन बच्चों की सुरक्षा और उनके उज्ज्वल भविष्य को लेकर पूरी तरह प्रतिबद्ध है।

कहा कि आने वाले समय में भी इस तरह के कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। पूर्व मुखिया नरेश कुमार महतो ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में साइबर जागरूकता की विशेष जरूरत है और इस प्रकार के आयोजन समाज के लिए प्रेरणादायक हैं। मौके पर अध्यापक संघ के अध्यक्ष संजय कुमार महतो ने कहा कि विद्यालयों के साथ-साथ ऐसे सामाजिक कार्यक्रमों के माध्यम से बच्चों को सही दिशा देना समय की मांग है।

अंत में मंत्री ने सफल आयोजन के लिए सभी आयोजकों को शुभकामनाएं प्रेषित की। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में बच्चे, अभिभावक एवं स्थानीय जनप्रतिनिधि उपस्थित थे।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *