Advertisement

हाई स्कूल केदला में दसवीं के विद्यार्थियों को दी गई भावभीनी विदाई

रंजन वर्मा/कसमार (बोकारो)। बोकारो जिला के हद में कसमार प्रखंड के उत्क्रमित हाई स्कूल केदला में 30 जनवरी को कक्षा दसवीं के विद्यार्थियों के सम्मान में विदाई समारोह का आयोजन किया गया।

विद्यालय परिसर में आयोजित इस कार्यक्रम में विद्यार्थियों को भावभीनी विदाई दी गई तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई। ज्ञात हो कि इस वर्ष विद्यालय से कुल 30 विद्यार्थी मैट्रिक बोर्ड परीक्षा में सम्मिलित होने जा रहे हैं।
विदाई समारोह के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विद्यालय के प्रभारी प्रधानाध्यापक सुभय कुमार चक्रवर्ती ने कहा कि दसवीं बोर्ड परीक्षा विद्यार्थियों के जीवन की पहली महत्वपूर्ण परीक्षा है, जो उनके भविष्य की दिशा तय करने में अहम भूमिका निभाती है।

उन्होंने विद्यार्थियों को सलाह दी कि वे परीक्षा को लेकर किसी प्रकार का तनाव न लें, बल्कि आत्मविश्वास के साथ अपनी तैयारी पर भरोसा रखते हुए परीक्षा में शामिल हों। उन्होंने कहा कि मेहनत, अनुशासन और सकारात्मक सोच ही सफलता की कुंजी है। साथ ही विद्यार्थियों से अपने माता-पिता, शिक्षकों और विद्यालय का नाम रोशन करने का उन्होंने आह्वान किया।

शिक्षक रंजीत सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि विद्यालय छोड़ने के बाद भी विद्यार्थियों को अपने मूल्यों और संस्कारों को याद रखना चाहिए। उन्होंने विद्यार्थियों को निरंतर अध्ययन और लक्ष्य के प्रति समर्पित रहने की सलाह दी और कहा कि जीवन में आने वाली चुनौतियों से घबराने के बजाय उनसे सीख लेते हुए आगे बढ़ना चाहिए। शिक्षक बसंत कुमार ने विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि सफलता का कोई शॉर्टकट नहीं होता, इसके लिए निरंतर परिश्रम और धैर्य आवश्यक है। उन्होंने विद्यार्थियों से परीक्षा के दौरान समय प्रबंधन और शांत मन से प्रश्नों को हल करने की सलाह दी।

शिक्षक गंगाधर साव ने कहा कि विद्यालय परिवार को अपने विद्यार्थियों पर पूरा भरोसा है कि वे अच्छे अंक प्राप्त कर विद्यालय का नाम गौरवान्वित करेंगे। उन्होंने विद्यार्थियों से जीवन में ईमानदारी और अनुशासन को अपनाने की अपील की। शिक्षक धनंजय प्रसाद मुर्मू ने विद्यार्थियों को प्रेरित करते हुए कहा कि असफलता भी जीवन का एक हिस्सा है, लेकिन उससे सीखकर आगे बढ़ना ही असली सफलता है। उन्होंने सभी विद्यार्थियों को अपने सपनों को पूरा करने के लिए निरंतर प्रयासरत रहने की सलाह दी।

वहीं विद्यालय के लिपिक चंदन कुमार ने भी विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की और कहा कि विद्यार्थी जहां भी रहें, अपने विद्यालय और शिक्षकों का सम्मान बनाए रखें। कार्यक्रम के अंत में विद्यार्थियों ने भी अपने अनुभव साझा किए और शिक्षकों के प्रति आभार व्यक्त किया। समारोह का माहौल भावुक लेकिन उत्साहपूर्ण रहा। विद्यालय परिवार ने सभी विद्यार्थियों के सफल भविष्य की कामना की।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *