प्रहरी संवाददाता/कसमार (बोकारो)। बोकारो के हरला थाना क्षेत्र के बसंती मोड़ के समीप बीते 27 जनवरी की शाम उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब मध्य प्रदेश से आए एक युवक ने मोबाइल टावर पर चढ़कर आत्महत्या की धमकी दे दी। युवक की पहचान भोजराज चंदेल के रूप में हुई है, जो मध्य प्रदेश के गुणा थाना क्षेत्र का जोहरी रहिवासी बताया जा रहा है।
जानकारी के अनुसार भोजराज की पहचान सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म फेसबुक के माध्यम से हरला थाना क्षेत्र की नेपाली पाड़ा रहिवासी युवती से हुई थी। दोनों के बीच काफी समय से बातचीत हो रही थी। इसी दोस्ती को आगे बढ़ाने के उद्देश्य से भोजराज मध्य प्रदेश से बोकारो पहुंचा और युवती से मिलने की कोशिश की। लेकिन युवती के परिजनों ने मिलने से इनकार कर दिया और दोनों पक्षों के बीच कहासुनी भी हुई।
इस घटना से आहत होकर भोजराज पास ही स्थित जियो कंपनी के मोबाइल टावर पर चढ़ गया, जिसकी ऊंचाई लगभग 150 मीटर बताई जा रही है। टावर पर चढ़ने के बाद उसने गूगल से पुलिस का नंबर निकालकर खुद ही सूचना दी कि वह आत्महत्या करने जा रहा है। सूचना मिलते ही हरला थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और युवक को समझाने का प्रयास शुरू किया। इस दौरान आसपास के रहिवासी भी बड़ी संख्या में इकट्ठा हो गए और घंटों तक हाई वोल्टेज ड्रामा चलता रहा। शुरुआत में रहिवासियों को लगा कि कोई तकनीकी कर्मचारी टावर पर चढ़ा है, लेकिन बाद में सच्चाई सामने आई।
लगभग दो घंटे की मशक्कत के बाद पुलिस ने सूझबूझ और धैर्य से काम लेते हुए युवक को सुरक्षित नीचे उतार लिया। हरला थाना प्रभारी खुर्शीद आलम ने बताया कि युवक को काफी समझा-बुझाकर शांत किया गया और उसकी जान बचा ली गई। फिलहाल पुलिस युवक से पूछताछ कर रही है और मामले की जांच जारी है। यह घटना सोशल मीडिया पर बने रिश्तों की गंभीरता और उसके संभावित खतरे को दर्शाती है।
![]()













Leave a Reply