मुख्य महाप्रबंधक सह परियोजना प्रधान सहित डीवीसी के कई अधिकारी रहे उपस्थित
राजेश कुमार/बोकारो थर्मल (बोकारो)। दामोदर घाटी निगम (डीवीसी) द्वारा बोकारो थर्मल प्लांट से प्रथम बार रेलवे रैक से छाई की धुलाई शुरू की गई। बोकारो थर्मल प्लांट के लिए बीते 27 जनवरी की देर रात्रि खुशी का पल था। यहां प्लांट के मुख्य महाप्रबंधक सह परियोजना प्रधान सुशील कुमार अरजरिया द्वारा पूजा अर्चना कर व हरी झंडी दिखाकर लगभग 4 हजार टन सुखा छाई से भरा 50 रेल डब्बों को पश्चिम बंगाल के सकरायल के लिए रवाना किया गया।
ज्ञात हो कि डीवीसी के बोकारो थर्मल प्लांट से निकलने वाली छाई की ट्रांसपोर्टिंग पहले नूरीनगर के समीप डीवीसी के एस पौंड से हाइवा डंपरो द्वारा किया जाता था। परन्तु आए दिन छाई ट्रांसपोर्टिंग कार्य ठप्प आंदोलनों से परेशान डीवीसी प्रबंधन ने अब वैकल्पिक व्यवस्था ढूंढ लिया और 27 जनवरी की देर रात्रि से छाई ट्रांसपोर्टिंग कार्य रेलवे बैगन द्वारा शुरू कर दिया गया।
इस बावत बोकारो थर्मल के मुख्य महाप्रबंधक सह परियोजना प्रधान अरजरीया ने 28 जनवरी को बताया कि पिछले दिनों बेरमो हाइवा कोयलांचल एसोसिएशन द्वारा किए गए एस पौंड से छाई ट्रांसपोर्टिंग कार्य ठप आंदोलन के कारण प्लांट से 13 दिनों तक विद्युत का उत्पादन बंद करना पड़ा था। जिससे डीवीसी को लगभग 75 करोड़ रुपए विद्युत उत्पादन का नुकसान हुआ था। कहा कि अब छाई ट्रांसपोर्टिंग कार्य रेलवे बैगन द्वारा शुरू होने से डीवीसी को छाई ट्रांसपोर्टिंग की समस्या से बहुत हद तक निजात मिल जाएगा।

साथ हीं प्लांट को सुचारू रूप से चलाने सहित बिजली उत्पादन करने में काफी सहयोग मिलेगा। उन्होंने कहा कि छाई लदा उक्त रेलवे बैगन पश्चिम बंगाल के सकरायल ले जाया गया है। कहा कि फिलहाल आरपी सिंह कंस्ट्रक्शन प्लांट से छाई ले जा रही है। रेलवे बैगन द्वारा छाई ट्रांसपोर्टिंग कार्य सुचारू रूप से चला तो और भी ठेका कंपनियों को आमंत्रित किया जाएगा। कहा कि रेलवे बैगन के द्वारा होने वाली छाई ट्रांसपोर्टिंग कार्य में होने वाला पूरा खर्च डीवीसी दे रही है।
यहां महाप्रबंधक ए कुजूर, डीवीसी सीएसआर वरीय प्रबंधक मनीष चौधरी, महाप्रबंधक राजेश बिस्वास, महाप्रबंधक मधुकर श्रीवास्तव, वरीय प्रबंधक पार्थसारथी मुखर्जी, सूरज तिवारी, बोकारो थर्मल रेलवे स्टेशन प्रबंधक शैलेश कुमार सहित कई डीवीसी अधिकारी व कर्मचारीगण उपस्थित थे।
![]()













Leave a Reply