Advertisement

जिला प्रशासन ने फूंका बिगुल “मास्क पहनिये बूथ पर चलिये”

प्रहरी संवाददाता/ मुजफ्फरपुर (बिहार)। “मास्क पहनिए बूथ पर चलिए” उक्त स्लोगनों को अमलीजामा पहनाने के मद्देनजर 2 जुलाई को मुजफ्फरपुर (Muzaffarrpur) समाहरणालय सभाकक्ष में जिला स्तरीय स्वीप कार्ययोजना एवं स्वीप मोटो का अनावरण जिलाधिकारी डॉ. चंद्रशेखर सिंह द्वारा किया गया। इसका उद्देश्य आगामी बिहार विधानसभा आम निर्वाचन -2020 में मतदाताओं को जागरूक करना है।

कार्य योजना के आलोक में जिला स्तरीय स्वीप कोषांग द्वारा प्रभावशाली अभियान चलाते हुए निर्वाचकों को मत देने हेतु प्रेरित करना है। जिलाधिकारी डॉ सिंह ने उपस्थित पदाधिकारियों और राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को संबोधित करते हुए कहा कि आने वाले दिनों में मतदाताओं को जागरूक करने हेतु सघन अभियान छेड़ा जाएगा। उक्त कार्य विभिन्न माध्यमों के जरिये किए जाएंगे।

उन्होंने बताया कि इस बार चुनाव में मतदाताओं को जागरूक करने के निमित्त सोशल मीडिया की महत्वपूर्ण भूमिका होगी। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया, प्रिंट और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के माध्यम से तथा प्रचार प्रसार के परंपरागत माध्यमों यथा- होडिंग/ फ्लेक्स, दीवाल लेखन, पोस्टर, बैनर, पेंटिंग प्रतियोगिता, रंगोली, मेहंदी प्रतियोगिता तथा अन्य विभिन्न माध्यमों का प्रयोग करते हुए आम निर्वाचको को प्रेरित करने की कवायद की जाएगी।

मालूम हो कि स्वीप कोषांग मुजफ्फरपुर के द्वारा इस बार मास्क पहनिए, बूथ पर चलिए अभियान का आगाज किया गया है। स्वीप कोषांग के द्वारा विभिन्न माध्यमों से किए जा रहे प्रचार- प्रसार के क्रम में सोशल डिस्टेंसिंग को न केवल मेंटेन किया जाएगा बल्कि आम निर्वाचकों से भी अपील की जाएगी कि वे मास्क पहने एवं सोशल डिस्टेंसिंग को मेंटेन करें।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *