Advertisement

मुजफ्फरपुर में पारा 35 डिग्री के पार

दो दिनों तक राहत नहीं

प्रहरी संवाददाता/ मुजफ्फरपुर (बिहार)। मुजफ्फरपुर (Muzaffarpur) जिले में तापमान बढ़ने के साथ उमस भरी गर्मी से 9 जून को लोग बेहाल रहे। यहां अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस पर रहा। हालांकि दिनभर बीच-बीच में आसमान में बादल छाने से लोगों को गर्मी से हल्की राहत मिली। लेकिन उमस में कमी नहीं हुई। डॉ. राजेंद्र प्रसाद केंद्रीय कृषि विश्वविद्यालय के मौसम विभाग का कहना है कि अगले एक-दो दिनों तक मौसम शुष्क रहेगा। इसके बाद बारिश की संभावना है। तराई व मैदानी भागों के जिलों में हल्की बारिश हो सकती है।

10-14 किमी की रफ्तार से चलेगी पुरवा हवा

इस अवधि में अधिकतम तापमान 32 से 35 डिग्री सेल्सियस एवं न्यूनतम तापमान 22-27 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है। औसतन 10-14 किमी प्रतिघंटे की रफ्तार से अगले दो दिनों तक पुरवा तथा बीच में एक दिन पछुआ के बाद फिर से पुरवा हवा चलने का अनुमान है। सापेक्ष आद्र्ता सुबह में 65 से 70 फीसद तथा दोपहर में 30 से 40 फीसद रहने की संभावना है।अधिकतम तापमान 35.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। यह सामान्य से 1.5 डिग्री कम रहा। जबकि न्यूनतम तापमान 20.8 डिग्री सेल्सियस जो सामान्य से 5.0 डिग्री कम रहा।

उत्तर बिहार सहित सूबे में 15 जून तक मानसून के दस्तक देने की संभावना है। इस अवधि से मानसून यहां सक्रिय रहेगा। जानकारी डॉ. राजेंद्र प्रसाद केंद्रीय कृषि विश्वविद्यालय के मौसम वैज्ञानिक डॉ. ए सत्तार ने दी। बिहार में 15 जून को मानसून का प्रवेश होगा। मानसून अपने ठीक समय से सक्रियता पूर्ण चल रही है। इसके सक्रिय होने पर करीब 1000 मिमी बारिश होती है। पूरे साल में सामान्य बारिश 1200 से 1220 मिमी होती है। करीब 80 फीसद बारिश मानसून में होती है। सामान्य बारिश दक्षिण की तुलना में उत्तर बिहार में ज्यादा होती है।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *