एस.पी.सक्सेना/ बोकारो। बीते 27 मई की संध्या शौच के लिये गयी गोमियां (Gomia) थाना कथारा ओपी के हद में झिरकी दौलत मुहल्ला की 27 वर्षीय महिला के साथ हुई दुष्कर्म की घटना के मुख्य आरोपी जमरुद्दीन उर्फ जुम्मन को कथारा ओपी पुलिस ने 9 जून को गिरफ्तार कर तेनुघाट जेल (Tenughat Jail) भेज दिया। आरोपी की गिरफ्तारी गुप्त सूचना के आधार पर कथारा ओपी के सहायक अवर निरीक्षक के.एन. पाठक ने अपनी पुलिस टीम के साथ 9 जून की सुबह 8:45 में आरोपी जमरूद्दीन उर्फ जुम्मन को झिरकी विधायक गली स्थित उसके दूसरे आवास से गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार आरोपी जुम्मन का झिरकी दौलत मुहल्ला के अलावा विधायक गली में एक और भी आवास है। पुलिस के अनुसार आरोपी जमरुद्दीन उर्फ जुम्मन पर कथारा ओपी में गोमिया थाना कांड क्रमांक 48/20 भादवी की धारा 376 ,504, 506 /34 के तहत 30 मई को मामला दर्ज किया गया था।
जानकारी के अनुसार पीड़िता ने 29 मई की संध्या पुलिस को दिये तहरीर में कहा है कि 27 मई की संध्या लगभग छः बजे वह शौच के लिये अपने घर से लगभग 200 मीटर दूर खेत में गयी थी। इस दौरान उसके पड़ोस में रहनेवाला जुम्मन पीछे से आकर उसके साथ जबर्दस्ती करने का प्रयास करने लगा। उसके द्वारा शोर मचाने से आक्रोशित होकर जुम्मन ने उसके साथ मारपिट किया और उसके मुँह में कपड़ा ठूंसकर जबरदस्ती दुष्कर्म किया। पीड़िता के अनुसार आरोपी इस बीच उसे जान से मारने के उद्देश्य से उसपर हमला कर रहा था इस बीच लोगों के आ जाने के कारण वह भाग गया।
घायल अवस्था में पीड़िता को परिजनों द्वारा अस्पताल में समुचित इलाज के लिये भर्ती कराया गया। होश में आने के बाद उसने आपबीती अपने पति व् परिजनों को बताई। इसके बाद सूचना पर कथारा ओपी पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी को पकड़कर जेल की सलाखों में भेज दिया है। पीड़िता के परिजनों के अनुसार आरोपी को गांव के दबंगो का संरक्षण प्राप्त है। दबंगो द्वारा बार बार समझौता करने अथवा परिणाम भुगतने की धमकी दी जा रही है। जिससे उसका परिवार भय के साये में रहने को विवश है। इधर आरोपी के गिरफ्तारी के बाद पीड़िता के परिवार वालों ने पुलिस की कार्रवाई पर भरोसा जताया है।
![]()












Leave a Reply