प्रेस वार्ता में जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त, पुलिस अधीक्षक ने दी जानकारी
एस. पी. सक्सेना/बोकारो। झारखंड राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा नगरपालिका (आम) निर्वाचन 2026 की औपचारिक घोषणा किए जाने के साथ ही बोकारो जिला के हद में चास नगर निगम एवं फुसरो नगर परिषद क्षेत्र में आदर्श आचार संहिता तत्काल प्रभाव से लागू हो गई है।
उक्त जानकारी समाहरणालय सभागार में आयोजित प्रेस वार्ता में बोकारो के जिला निर्वाचन पदाधिकारी (नगरपालिका) सह उपायुक्त अजय नाथ झा ने 27 जनवरी को दी। मौके पर पुलिस अधीक्षक हरविंदर सिंह, उप विकास आयुक्त शताब्दी मजूमदार आदि उपस्थित थे।
जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त झा ने प्रेस वार्ता में कहा कि जिला प्रशासन राज्य निर्वाचन आयोग के निर्देशों का अक्षरशः अनुपालन करते हुए नगरपालिका आम निर्वाचन को निष्पक्ष, पारदर्शी, शांतिपूर्ण एवं त्रुटिरहित संपन्न कराने के लिए पूरी तरह तैयार है। इसे लेकर निर्वाचन प्रक्रिया से जुड़े सभी पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दे दिए गए हैं।
उन्होंने बताया कि महापौर/अध्यक्ष सहित वार्ड सदस्य पदों को लेकर प्रत्याशियों के लिए नाम निर्देशन की प्रक्रिया आगामी 29 जनवरी से प्रारंभ होगी, जो 4 फरवरी तक चलेगी। नाम निर्देशन पत्रों की जांच तिथि 5 फरवरी, नाम वापसी 6 फरवरी तथा चुनाव चिन्हों का आवंटन आगामी 7 फरवरी को किया जाएगा। उन्होंने कहा कि राज्य निर्वाचन आयोग की अधिसूचना संख्या 68 एवं 69 (दिनांक 8 जनवरी 2026) के अंतर्गत महापौर/अध्यक्ष पदों सहित वार्डों का आरक्षण निर्धारित किया गया है।
आरक्षण से संबंधित विस्तृत विवरण प्रपत्र-3 में जिला गजट में प्रकाशित कर संबंधित विभागों को भेज दिया गया है। वहीं, चास नगर निगम एवं फुसरो नगर परिषद के लिए निर्वाची पदाधिकारी एवं सहायक निर्वाची पदाधिकारी की नियुक्ति कर दी गई है। सभी पदाधिकारियों के नाम एवं मोबाइल नंबर सार्वजनिक किए गए हैं, ताकि प्रत्याशियों को किसी प्रकार की असुविधा नहीं हो।
मौके पर डीईओ सह डीसी के निर्देश पर जिला उप निर्वाचन पदाधिकारी (नगरपालिका) मो. सफीक आलम ने बताया कि नगरपालिका आम निर्वाचन के अंतर्गत बोकारो जिले के दो नगर निकाय शामिल हैं। चास नगर निगम (वर्ग–ख), कुल वार्ड 35 तथा जनसंख्या (जनगणना 2011 के अनुसार) 1,56,888 है। इसी प्रकार फुसरो नगर परिषद (वर्ग–ख), कुल वार्ड 28, तथा जनसंख्या (जनगणना 2011 के अनुसार) 89,178 है। कहा कि एक अक्टूबर 2024 की अर्हता तिथि के आधार पर नगरपालिका आम निर्वाचन 2026 हेतु मतदाता सूची तैयार की गई है। फोटो रहित मतदाता सूची जिला की आधिकारिक वेबसाइट पर अपलोड कर दी गई है।
कहा कि चास नगर निगम क्षेत्र में पुरुष मतदाता संख्या 83,106, महिला मतदाता संख्या 78,950, तृतीय लिंग मतदाता संख्या 17 कुल मतदाता संख्या 1,62,073 है। इसी प्रकार फुसरो नगर परिषद में पुरुष मतदाता संख्या 33,292 तथा महिला मतदाता संख्या 31,790, कुल मतदाता संख्या 65,082 है।
प्रेस वार्ता में कहा गया कि चुनाव को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए मतदान केंद्रों का वर्गीकरण किया गया है। जिसमें चास नगर निगम में 54 मतदान भवन में 130 मतदान केंद्र में मतदान कराया जायेगा। फुसरो नगर परिषद में 43 मतदान भवन में 65 मतदान केंद्र में मतदान प्रक्रिया पूर्ण की जायेगी।

कहा गया कि मतगणना एवं बज्रगृह स्थल बोकारो जिला के हद में चास स्थित कृषि उत्पादन बाजार समिति में स्थापित किया गया है। कहा गया कि निर्वाचन कार्यक्रम के तहत अधिसूचना प्रकाशन 28 जनवरी, नाम निर्देशन 29 जनवरी से 4 फरवरी, प्रपत्र जांच 5 फरवरी, नाम वापसी 6 फरवरी, प्रतीक आवंटन 7 फरवरी, मतदान 23 फरवरी को सुबह 7 से शाम 5 बजे तक तथा मतगणना आगामी 27 फरवरी को होगी। प्रेस वार्ता में कहा गया कि नगरपालिका चुनाव में नोटा का विकल्प उपलब्ध नहीं रहेगा।
प्रेस वार्ता में कहा गया कि राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा प्रत्याशियों के लिए अधिकतम निर्वाचन व्यय सीमा निर्धारित की गई है। जिसमें चास नगर निगम महापौर के लिए ₹15 लाख एवं वार्ड पार्षद पद के लिए ₹3 लाख खर्च निर्धारित है। इसी प्रकार फुसरो नगर परिषद अध्यक्ष पद के लिए ₹6 लाख एवं वार्ड पार्षद पद के लिए ₹1.5 लाख निर्धारित है।
प्रेस वार्ता में पुलिस अधीक्षक (एसपी) हरविंदर सिंह ने कहा कि निर्वाचन प्रक्रिया के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती की जाएगी। संवेदनशील क्षेत्रों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी। संवेदनशील एवं अतिसंवेदनशील मतदान केंद्रों पर विशेष सुरक्षा व्यवस्था होगी। उन्होंने शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष मतदान की अपील करते हुए कहा कि जिला प्रशासन सभी मतदाताओं से निर्भीक होकर अपने मताधिकार का प्रयोग करने की अपील की है तथा प्रत्याशियों से आदर्श आचार संहिता का पूर्ण पालन करने का अनुरोध किया है।
इस अवसर पर डीपीएलआर मेनका, अपर समाहर्ता मो. मुमताज अंसारी, एसडीओ चास प्रांजल ढ़ांडा, डीसीएलआर चास प्रभाष दत्ता, एसडीओ बेरमो मुकेश मछुवा, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी रवि कुमार, डीटीओ मारूति मिंज, सहायक जनसंपर्क पदाधिकारी अविनाश कुमार सिंह समेत अन्य उपस्थित थे।
![]()













Leave a Reply