Advertisement

विदाई सह सम्मान समारोह में शामिल हुए मंत्री, शिक्षकों को बताया राष्ट्र का शिल्पकार

रंजन वर्मा/कसमार (बोकारो)। झारखंड राज्य माध्यमिक शिक्षक संघ बोकारो की ओर से राजकीयकृत उच्च विद्यालय बांधडीह (जैनामोड़) में विदाई सह सम्मान समारोह का आयोजन किया गया।

आयोजित विदाई सह सम्मान समारोह में झारखंड सरकार के मंत्री योगेंद्र प्रसाद बतौर मुख्य अतिथि शामिल हुए। कार्यक्रम में सेवानिवृत्त एवं कार्यरत शिक्षकों को सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर मंत्री योगेंद्र प्रसाद ने अपने संबोधन में कहा कि शिक्षक समाज के शिल्पकार होते हैं, जिनके मार्गदर्शन, त्याग और संस्कार से राष्ट्र का भविष्य गढ़ा जाता है। कहा कि शिक्षक केवल ज्ञान ही नहीं देते, बल्कि विद्यार्थियों के चरित्र निर्माण में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

उन्होंने कहा कि झारखंड सरकार शिक्षकों के सम्मान, सुरक्षा और बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार सरकार की प्राथमिकता है, जिसके लिए लगातार ठोस और प्रभावी कदम उठाए जा रहे हैं, ताकि छात्र-छात्राओं को एक सशक्त और उज्ज्वल भविष्य मिल सके।

मंत्री ने कहा कि शिक्षक समाज का सम्मान करना वास्तव में राष्ट्र निर्माण का सम्मान करना है। सरकार शिक्षकों की समस्याओं के समाधान और उनके कार्यक्षेत्र को और अधिक सुदृढ़ बनाने के लिए गंभीरता से कार्य कर रही है। कार्यक्रम के दौरान शिक्षक संघ की ओर से शिक्षकों को शॉल, पुष्पगुच्छ एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया। समारोह में बड़ी संख्या में शिक्षक, संघ के पदाधिकारी एवं गणमान्य जन उपस्थित रहे।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *