रंजन वर्मा/कसमार (बोकारो)। देश के 77वें गणतंत्र दिवस के पावन अवसर पर 26 जनवरी को बोकारो जिला के हद में कसमार प्रखंड मुख्यालय, कसमार थाना तथा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में झंडोत्तोलन कार्यक्रम उत्साह एवं गरिमामय वातावरण में मनाया गया। विभिन्न सरकारी परिसरों में राष्ट्रीय ध्वज फहराकर लोकतंत्र, संविधान और राष्ट्र की एकता-अखंडता के प्रति आस्था व्यक्त की गई।
जानकारी के अनुसार गणतंत्र दिवस पर कसमार प्रखंड मुख्यालय में प्रखंड प्रमुख नियोती कुमारी द्वारा राष्ट्रीय ध्वज फहराया गया। उन्होंने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि गणतंत्र दिवस हमारे देश की लोकतांत्रिक व्यवस्था की आत्मा है। संविधान ने हमें समान अधिकारों के साथ-साथ कर्तव्यों का बोध भी कराया है। उन्होंने कहा कि जब तक समाज का अंतिम व्यक्ति विकास की मुख्यधारा से नहीं जुड़ता, तब तक सच्चा गणतंत्र पूर्ण नहीं हो सकता। कहा कि प्रखंड प्रशासन जनहित के कार्यों को प्राथमिकता देते हुए पारदर्शिता और ईमानदारी के साथ विकास को आगे बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध है।
वहीं कसमार थाना परिसर में थाना प्रभारी कुंदन कुमार के द्वारा झंडोत्तोलन किया गया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि गणतंत्र दिवस हमें कानून के राज और संविधान की सर्वोच्चता का स्मरण कराता है। कहा कि पुलिस प्रशासन का मुख्य उद्देश्य आम जनता को सुरक्षित वातावरण प्रदान करना, अपराध पर नियंत्रण रखना और कानून व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखना है। उन्होंने कहा कि जन सहयोग से ही समाज में शांति और सौहार्द कायम रह सकता है तथा पुलिस जनता की सेवा और सुरक्षा के लिए सदैव तत्पर है।

इसी क्रम में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कसमार में प्रभारी चिकित्सक डॉ मोहम्मद नवाब द्वारा राष्ट्रीय ध्वज फहराया गया। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि स्वस्थ समाज ही मजबूत राष्ट्र का निर्माण करता है। गणतंत्र दिवस हमें यह संदेश देता है कि प्रत्येक नागरिक को बेहतर स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध कराना सरकार और स्वास्थ्यकर्मियों की सामूहिक जिम्मेदारी है। सीएचसी कसमार क्षेत्र की जनता को बेहतर चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रयासरत है, ताकि गरीब और जरूरतमंद रहिवासियों को समय पर इलाज मिल सके। कार्यक्रम के अंत में राष्ट्रगान के साथ उपस्थित सभी पदाधिकारियों, कर्मचारियों एवं स्वास्थ्यकर्मियों ने संविधान के प्रति निष्ठा और राष्ट्र सेवा की शपथ ली।
![]()













Leave a Reply