रंजन वर्मा/कसमार (बोकारो)। राष्ट्रीय बालिका दिवस के अवसर पर बोकारो जिला के हद में कसमार प्रखंड सभागार में सहयोगिनी संस्था द्वारा 24 जनवरी को जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम का उद्देश्य बालिकाओं को उनके अधिकारों, शिक्षा, सुरक्षा और आत्मनिर्भरता के प्रति जागरूक करना रहा है।
कार्यक्रम में बाल विवाह, यौन शोषण, महिला हिंसा, शिक्षा का अधिकार एवं सुरक्षा से जुड़े कानूनों पर विस्तार से चर्चा की गई। वक्ताओं ने बालिकाओं को उनके कानूनी अधिकारों की जानकारी देते हुए किसी भी प्रकार की हिंसा या भेदभाव के खिलाफ आवाज उठाने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम के मुख्य वक्ता डॉ श्रेयशी सिन्हा ने कहा कि शिक्षित और सशक्त बेटियाँ ही एक सुरक्षित और समृद्ध समाज का निर्माण कर सकती हैं। उन्होंने बालिकाओं से उच्च शिक्षा प्राप्त कर आत्मनिर्भर बनने का आह्वान किया। कसमार प्रखंड महिला सुपरवाइजर नूतन कुमारी ने लैंगिक समानता पर जोर देते हुए कहा कि बालिकाओं को समान अवसर मिलना उनका संवैधानिक अधिकार है। शेरे आलम ने बाल विवाह और लैंगिक भेदभाव को सामाजिक विकास में बड़ी बाधा बताते हुए किशोरियों को नेतृत्व क्षमता विकसित करने की सलाह दी। पोंडा पंचायत के मुखिया हारु रजवार ने बाल विवाह के दुष्परिणामों तथा मोबाइल और सोशल मीडिया के दुरुपयोग से सतर्क रहने की बात कही।
इस अवसर पर सहयोगिनी संस्था द्वारा किशोरियों के नेतृत्व विकास, जीवन कौशल, स्वास्थ्य एवं सरकारी योजनाओं से जुड़ाव पर भी जानकारी दी गई। कार्यक्रम का समापन बालिकाओं में आत्मविश्वास और जागरूकता के संदेश के साथ किया गया। मौके पर उपरोक्त के अलावा वार्ड सदस्य खीरी देवी, सहयोगिनी संस्था की समन्वयक कुमारी किरण, लाबोनी घोष, प्रकाश कुमार महतो, रवि कुमार रॉय, सोनी कुमारी, मंजू देवी, बिनीता देवी, रेखा देवी, पुष्पा देवी, संध्या कुमारी, ममता कुमारी, नेहा कुमारी, प्रीति कुमारी, मालवती कुमारी, लाडली खातून, अख्तरी बेगम, सलमा खातून, अंजली कुमारी, प्रीति कुमारी, सुमन कुमारी, सोनिया कुमारी, सीमा रजवार सहित अन्य मौजूद रहे।
![]()













Leave a Reply