Advertisement

डीएवी ढोरी में वार्षिक खेलकूद प्रतियोगिता का भव्य आयोजन

एस. पी. सक्सेना/बोकारो। बोकारो जिला के हद में फुसरो-डुमरी मुख्य पथ पर मकोली मोड़ के समीप स्थित डीएवी पब्लिक स्कूल ढोरी द्वारा 24 जनवरी को वार्षिक खेलकूद प्रतियोगिता का भव्य आयोजन किया गया।

जानकारी के अनुसार मकोली मैदान में आयोजित खेल कुद प्रतियोगिता के आयोजन के अवसर पर विद्यालय के प्राचार्य अमिताभ दासगुप्ता ने सभी अतिथियों को पुष्पगुच्छ भेंटकर सहृदय गर्मजोशी से उनका स्वागत किया। बतौर मुख्य अतिथि उपस्थित सीसीएल ढोरी क्षेत्र के जीएम सह विभागाध्यक्ष माइनिंग मनोज कुमार पाठक ने झंडोत्तोलन कर वार्षिक खेलकूद प्रतियोगिता का शुभारंभ किया।

मुख्य अतिथि की अगुवाई में विशिष्ट अतिथि एसडीओसीएम कल्याणी के परियोजना पदाधिकारी शैलेश प्रसाद, डिप्टी मैनेजर (एनवायरनमेंट) अच्युतानंद कुमार, बेरमो विधायक के मीडिया प्रभारी सुनील सिंह, संयुक्त अभिभावक संघ के अध्यक्ष दिनेश यादव व् अन्य सदस्यों ने खेल मशाल प्रज्ज्वलित कर रिले रेस का शुभारंभ किया।

इस अवसर पर विद्यालय के प्राचार्य दासगुप्ता ने कहा कि आज अंतर्राष्ट्रीय शिक्षा दिवस है। इस विशेष अवसर पर विद्यालय द्वारा वार्षिक खेलकूद का आयोजन किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि आज के समय में बच्चों में केवल पढ़ाई और बाद के बचे समय में मोबाइल में लगे रहते हैं, जिससे उनका सेहत खराब होता जा रहा है। ऐसे में जरूरत है कि स्कूल में दिन प्रतिदिन हो रहे पाठ्य सहगामी क्रियाकलापों (कोरिकुलम एक्टिविटीज) के अलावा सामूहिक खेलकूद का आयोजन कुछ समय के अंतराल पर होता रहे, ताकि बच्चों में स्पोर्ट्समैनशिप जिंदा रह सके और यह बच्चे आगे चलकर राज्य, राष्ट्र और अंतरराष्ट्रीय स्तर के स्पर्धा में भाग ले सकें।

बच्चे अपनी विशेष पहचान बना सकें और इस क्षेत्र एवं अपने माता पिता का नाम रोशन कर सकें। यहां बच्चों द्वारा प्रस्तुत विशेष सांस्कृतिक कार्यक्रम सराहनीय एवं अनूठा था।उपस्थित आमजन कुछ पल के लिए गीत- संगीत एवं नृत्य की दुनियां में खो गए। मुख्य अतिथि पाठक ने सभी खेल प्रेमियों को संबोधित करते हुए कहा कि विद्यालय द्वारा आयोजित यह कार्यक्रम बहुत ही उत्साह जनक है।उन्होंने कहा कि खेल और पढ़ाई दोनों में एक बेहतर तालमेल और सामंजस्य की आवश्यकता है, ताकि बच्चों में संपूर्ण विकास हो सके। उन्होंने आग्रह किया कि बच्चे पढ़ाई के साथ-साथ खेल को भी गंभीरता पूर्वक समायोजित करें। क्योंकि स्वस्थ शरीर में ही स्वस्थ दिमाग रहता है।

बताया जाता है कि वार्षिक खेलकूद प्रतियोगिता में कुल सोलह प्रकार के इवेंट का आयोजन सभी वर्ग विशेष बच्चों के लिए किया गया, जिसमें बच्चों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और नया कीर्तिमान हासिल किया। इस विशेष अवसर पर विद्यालय ने अभिभावकों के लिए भी कुछ प्रतियोगिताएं आयोजित की, जिसमें महिला एवं पुरुष अभिभावकों ने भी हिस्सा लिया और पुरस्कार जीते।

सैकड़ो की तादाद में उपस्थित माता-पिता, अभिभावक एवं दर्शकों ने समय समय पर करतल ध्वनि से बच्चों का मनोबल बढ़ाया और विद्यालय द्वारा आयोजित प्रथम वार्षिक खेलकूद प्रतियोगिता की भूरी भूरी प्रशंसा की। उन्होंने संतोष जताया कि इस सत्र में जहां एक ओर क्लासरूम टीचिंग को ई-लर्निंग किया गया है, वहीं दूसरी ओर खेलकूद और सांस्कृतिक प्रतियोगिताओं के आयोजन से बच्चों का सर्वांगीण विकास हो रहा है। बच्चे इस प्रतियोगिता में भाग लेकर तथा पदक हासिल कर हर्षित थे।

इस अवसर पर सभी शिक्षक शिक्षिकाओं के अलावे सेवानिवृत प्राचार्य अखिलेश सिंह, चंद्रपुरा थाना प्रभारी अजय कुमार सिंह, मकोली टिओपी प्रभारी संजय सिंह, विधायक प्रतिनिधि छेदी नोनिया, शिवनंदन चौहान, रामप्रवेश आदि गणमान्य उपस्थित थे। प्राचार्य ने इस सफल आयोजन का श्रेय बच्चों, उनके माता-पिता,अभिभावकों, सभी शिक्षकगण, शिक्षेत्तर कर्मचारियों, सफाई कर्मियों एवं सीसीएल प्रबंधन को दिया जिन्होंने इस अवसर को यादगार एवं सफल बनाने में अभूतपूर्व योगदान दिया।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *