Advertisement

झारखंड में संभावनाओं पर वैश्विक संवाद में शामिल हुए मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन

एस. पी. सक्सेना/रांची (झारखंड)। झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने यूनाइटेड किंगडम की राजधानी लंदन स्थित भारत के उच्चायोग में भारत के उच्चायुक्त विक्रम दोराईस्वामी द्वारा आयोजित आधिकारिक स्वागत समारोह में बीते 23 जनवरी को शिरकत की। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने विभिन्न देशों के प्रतिनिधियों, नीति-निर्माताओं और विशेषज्ञों से संवाद किया।

सूचना एवं जनसंपर्क विभाग के अनुसार लंदन में आयोजित कार्यक्रम के दौरान हुई चर्चा का मुख्य केंद्र भारत के समग्र विकास में झारखंड के योगदान को रेखांकित करना रहा। मुख्यमंत्री सोरेन ने झारखंड की आर्थिक प्रगति, औद्योगिक संभावनाओं, प्राकृतिक संसाधनों और मानव संसाधन की क्षमताओं पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि झारखंड खनिज संपदा, युवा शक्ति और सांस्कृतिक विरासत के जरिए देश के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।

संवाद के दौरान युके के साथ विरासत संरक्षण और सांस्कृतिक साझेदारी के अवसरों पर भी विशेष चर्चा की गयी। साथ ही उच्च शिक्षा, कौशल विकास, खेल और महत्वपूर्ण खनिजों एवं क्रिटिकल मिनरल्स के क्षेत्र में संभावित सहयोग की संभावनाओं को लेकर सकारात्मक विचार-विमर्श किया गया। मुख्यमंत्री सोरेन ने कहा कि इन क्षेत्रों में अंतरराष्ट्रीय सहयोग से झारखंड के युवाओं को वैश्विक अवसर मिल सकते हैं।

यह संवाद यूके-भारत रणनीतिक साझेदारी के व्यापक ढांचे और दोनों देशों के बीच पहले से मौजूद द्विपक्षीय सहयोग के अनुरूप रहा। कार्यक्रम को झारखंड के लिए अंतरराष्ट्रीय स्तर पर निवेश, शिक्षा और तकनीकी सहयोग के नए द्वार खोलने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल के रूप में देखा जा रहा है।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *