Advertisement

मुख्यमंत्री नीतीश ने दिया वैशाली जिले को 152 करोड़ की योजनाओं की सौगात

सीएम ने बाबा बटेश्वर नाथ धाम मंदिर में की पूजा अर्चना

गंगोत्री प्रसाद सिंह/हाजीपुर (वैशाली)। बिहार में नई सरकार बनने के बाद बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार इन दिनों समृद्ध बिहार के निर्माण के संकल्प के साथ चल रही समृद्धि यात्रा के तहत 24 जनवरी को वैशाली जिले की धरती पर पहुंचे।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री नीतीश के साथ उनके दोनों उप मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और विजय कुमार सिंह के अलावे कैबिनेट मंत्री विजय चौधरी और महुआ के स्थानीय विधायक और मंत्री संजय कुमार के अलावे राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन के नेताओं का जमावड़ा देखने को मिला। मुख्यमंत्री के इस समृद्धि यात्रा की तैयारी वैशाली जिला प्रशासन द्वारा कई दिनों से की जा रही थी। मुख्यमंत्री के साथ वैशाली के जिला पदाधिकारी वर्षा सिंह के अलावे जिले के वरिय पदाधिकारी भी मौजूद रहे।

मुख्यमंत्री द्वारा वैशाली जिले में किए गए विकास कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया गया तथा विभिन्न योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई। इस दौरान जिले को बड़ी विकासीय सौगात मिली। कार्यक्रम के क्रम में मुख्यमंत्री द्वारा 54 करोड़ रुपये की 25 योजनाओं का शिलान्यास एवं 98 करोड़ रुपये की 103 योजनाओं का उद्घाटन किया गया। सीएम द्वारा जिला के हद में महुआ प्रखंड में वाया नदी में गाद उड़ाही योजना सहित प्रगति यात्रा के दौरान घोषित योजनाओं का स्थल निरीक्षण किया गया और संबंधित अधिकारियों से अद्यतन जानकारी ली गई।

इसके अलावा राजकीय चिकित्सा महाविद्यालय महुआ का भी निरीक्षण किया गया, जहां निर्माण एवं व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। मुख्यमंत्री नीतीश अपने दोनों उप मुख्यमंत्री और अन्य मंत्रियों के साथ जंदाहा प्रखंड के हद में पानापुर स्थित बाबा बटेश्वरनाथ धाम मंदिर पहुंचे, जहां उन्होंने पूजा-अर्चना कर राज्य में सुख, शांति एवं समृद्धि की कामना की।

वैशाली जिले के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक के दौरान मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि सभी योजनाओं के क्रियान्वयन में गुणवत्ता, समय सीमा और पारदर्शिता को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए। साथ ही यह भी सुनिश्चित किया जाए कि जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक पहुंचे।

इस अवसर पर आयोजित जन-संवाद कार्यक्रम में मुख्यमंत्री नीतीश ने आमजनों की समस्याएं सुनी गईं और उन्हें संबोधित करते हुए विकास कार्यों को और गति देने का भरोसा दिया गया। मुख्यमंत्री ने जीविका दीदियों के स्टॉल का भी निरीक्षण किया। मुख्यमंत्री की समृद्धि यात्रा में उन्हें सुनने और देखने के लिए हजारों की संख्या में पुरुष और महिलाओं की भीड़ लगभग सभी जगह देखी गई।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *