Advertisement

सोनपुर मंडल क्रीड़ा संघ द्वारा इंटर-डिपार्टमेंटल एथलेटिक्स प्रतियोगिता का आयोजन

अवध किशोर शर्मा/सारण (बिहार)। पूर्व मध्य रेलवे के हद में सोनपुर रेल मंडल के मंडल क्रीड़ा संघ द्वारा रेलवे कर्मचारियों में खेल भावना को प्रोत्साहित करने, शारीरिक- मानसिक सुदृढ़ता बढ़ाने तथा छिपी खेल प्रतिभाओं को मंच प्रदान करने के उद्देश्य से इंटर-डिपार्टमेंटल एथलेटिक्स प्रतियोगिता 2025-26 का भव्य आयोजन किया जा रहा है। यह प्रतियोगिता बीते 22 जनवरी से 25 जनवरी तक प्रतिदिन प्रातः 9 बजे से रेलवे स्टेडियम सोनपुर में आयोजित की जा रही है।

प्रतियोगिता में सोनपुर रेल मंडल के विभिन्न विभागों के पुरुष एवं महिला रेलवे कर्मचारी उत्साहपूर्वक सहभागिता कर रहे हैं। इस क्रम में 24 जनवरी को स्पर्धाएं आयोजित की गयी।
जानकारी के अनुसार आयोजित प्रतियोगिता के अंतर्गत पुरुष एवं महिला वर्ग में निम्नलिखित एथलेटिक्स स्पर्धाओं का सफलतापूर्वक आयोजन किया गया। जिसमें सौ मीटर, 200 मीटर, 400 मीटर एवं 800 मीटर दौड़, डिस्कस थ्रो, जैवलिन थ्रो, शॉटपुट, हाई जंप एवं लॉन्ग जंप रिले रेस (4×100 मीटर एवं 4×400 मीटर) शामिल था।

आयोजित सभी स्पर्धाओं का आयोजन निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार सुव्यवस्थित एवं अनुशासित वातावरण में किया गया। प्रतियोगिता का फाइनल मुकाबला 25 जनवरी को रेलवे ग्राउंड सोनपुर में आयोजित किया जाएगा। इसमें आए प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय विजेता को गणतंत्र दिवस के अवसर पर आगामी 26 जनवरी को सम्मानित किया जाएगा।

ज्ञात हो कि सोनपुर रेल मंडल खेलों के माध्यम से अपने कर्मचारियों के शारीरिक, मानसिक एवं सामाजिक विकास हेतु सदैव प्रतिबद्ध रहा है। यह एथलेटिक्स प्रतियोगिता न केवल खेल प्रतिभाओं को पहचान और अवसर प्रदान करेगी, बल्कि टीम भावना, आपसी सौहार्द एवं स्वस्थ प्रतिस्पर्धा को भी सुदृढ़ करेगी। मंडल क्रीड़ा संघ सोनपुर को पूर्ण विश्वास है कि यह आयोजन अत्यंत सफल सिद्ध होगा तथा रेलवे कर्मचारियों में खेलों के प्रति उत्साह, ऊर्जा एवं सकारात्मकता का संचार करेगा।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *