रंजन वर्मा/कसमार/(बोकारो)। बोकारो जिला के हद में कसमार प्रखंड कार्यालय में राष्ट्रीय मतदाता दिवस के अवसर पर 23 जनवरी को जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के दौरान लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा एवं निष्पक्ष मतदान को लेकर अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने सामूहिक रूप से प्रतिज्ञा ली।
कसमार प्रखंड कार्यालय परिसर में आयोजित मतदाता जागरूकता कार्यक्रम में अंचल अधिकारी नरेंद्र कुमार सिंह एवं प्रखंड विकास पदाधिकारी नम्रता जोशी की उपस्थिति में बीएलओ, प्रखंड एवं अंचल कर्मियों ने शपथ ग्रहण किया। सभी ने संकल्प लिया कि वे लोकतंत्र में पूर्ण आस्था रखते हुए देश की लोकतांत्रिक परंपराओं की मर्यादा बनाए रखेंगे तथा किसी भी प्रकार के धर्म, जाति, वर्ग, समुदाय, भाषा या प्रलोभन से प्रभावित हुए बिना निर्भीक होकर अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे।
कार्यक्रम के दौरान मतदाता जागरूकता पर विशेष बल देते हुए आगामी चुनावों में शत-प्रतिशत मतदान सुनिश्चित करने का आह्वान किया गया। बीएलओ एवं कर्मचारियों ने निष्पक्ष, स्वतंत्र एवं शांतिपूर्ण निर्वाचन की गरिमा बनाए रखने का संकल्प लिया। इस अवसर पर अंचल अधिकारी नरेंद्र कुमार सिंह ने कहा कि राष्ट्रीय मतदाता दिवस का मुख्य उद्देश्य नागरिकों को उनके संवैधानिक अधिकारों और कर्तव्यों के प्रति जागरूक करना है। कहा कि एक जागरूक मतदाता ही मजबूत लोकतंत्र की नींव रखता है।
प्रत्येक नागरिक को निर्भीक होकर मतदान में भाग लेना चाहिए। प्रखंड विकास पदाधिकारी नम्रता जोशी ने कहा कि इस तरह के जागरूकता कार्यक्रम आम मतदाताओं को मतदान प्रक्रिया से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए सभी वर्गों की सक्रिय सहभागिता आवश्यक है। हर मत की अपनी अहमियत है। कार्यक्रम के माध्यम से मतदाताओं को अपने अधिकारों के प्रति जागरूक करते हुए लोकतंत्र को और अधिक सशक्त बनाने का संदेश दिया गया।
![]()













Leave a Reply