Advertisement

यातायात उल्लंघनकर्ताओं को पंपलेट देकर किया गया सुरक्षा के प्रति जागरूकता

वाहन चालकों ने की जिला प्रशासन द्वारा की गई इस पहल की सराहना

एस. पी. सक्सेना/बोकारो। बोकारो जिले में सड़क सुरक्षा को लेकर यातायात पुलिस एवं जिला सड़क सुरक्षा समिति द्वारा 23 जनवरी को विशेष जागरूकता अभियान चलाया गया। इस दौरान शहर के विभिन्न प्रमुख चौक-चौराहों पर यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों को रोककर उन्हें सड़क सुरक्षा से संबंधित पंपलेट वितरित किए गए।

अभियान के तहत बिना हेलमेट, बिना सीट बेल्ट, ओवर स्पीडिंग, मोबाइल फोन का प्रयोग करते हुए वाहन चलाने तथा गलत दिशा में वाहन चलाने वालों को यातायात नियमों की जानकारी दी गई। पंपलेट के माध्यम से चालकों को हेलमेट और सीट बेल्ट के अनिवार्य उपयोग, गति सीमा का पालन, शराब पीकर वाहन न चलाने तथा सुरक्षित ड्राइविंग के महत्व के बारे में जागरूक किया गया।

मौके पर यातायात पुलिस पदाधिकारियों ने बताया कि सड़क दुर्घटनाओं की मुख्य वजह यातायात नियमों की अनदेखी है। यदि सभी वाहन चालक नियमों का पालन करें तो दुर्घटनाओं में काफी हद तक कमी लाई जा सकती है। कहा कि इस तरह के जागरूकता अभियान का उद्देश्य दंडात्मक कार्रवाई के साथ-साथ आमजनों में सुरक्षा के प्रति चेतना विकसित करना है।

बताया जाता हैं कि जागरूकता अभियान के दौरान कई वाहन चालकों ने जिला प्रशासन द्वारा की गई इस पहल की सराहना की और भविष्य में यातायात नियमों का पालन करने का संकल्प लिया। अधिकारियों ने बताया कि सड़क सुरक्षा को लेकर आगे भी इस तरह के जागरूकता कार्यक्रम लगातार चलाए जाएंगे।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *