सोनपुर रेल मंडल में चलाया गया विशेष एवं मेगा टिकट चेकिंग ड्राइव
अवध किशोर शर्मा/सारण (बिहार)। पूर्व मध्य रेलवे के हद में सोनपुर रेल मंडल में 2 जनवरी को वाणिज्य विभाग द्वारा बरौनी–खगड़िया खंड में विशेष टिकट चेकिंग ड्राइव आयोजित की गई। यह अभियान वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक रौशन कुमार के निर्देश में संचालित किया गया।
बताया जाता है कि इस दौरान उक्त खंड में लाल गाड़ी विशेष टिकट चेकिंग अभियान भी चलाया गया। अभियान के तहत कूल 107 यात्रियों से जुर्माना के तौर पर ₹50, 600 का रेल राजस्व की प्राप्ति की गयी।
ज्ञात हो कि, इस विशेष अभियान के परिणामस्वरूप, चालू वित्तीय वर्ष 2025-26 में अब तक ₹45.35 लाख की अतिरिक्त राजस्व प्राप्ति दर्ज की गई है। इसके साथ ही, सोनपुर रेल मंडल द्वारा इस वित्तीय वर्ष में अब तक कुल ₹44,28,15,571/- का रेल राजस्व अर्जित किया जा चुका है।
उल्लेखनीय है कि सोनपुर रेल मंडल में निरंतर एवं सघन टिकट जांच अभियानों के माध्यम से बिना टिकट व अनियमित टिकट यात्रा पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित किया जा रहा है। यह उपलब्धि यात्रियों में टिकट लेकर यात्रा करने की बढ़ती जागरूकता, रेल मंडल की सतत मॉनिटरिंग तथा टिकट जांच टीमों की प्रभावी एवं समन्वित कार्यशैली का प्रतिफल है। रेल मंडल द्वारा चलाए जा रहे टिकट चेकिंग अभियान केवल राजस्व संरक्षण तक सीमित नहीं हैं, बल्कि यात्रियों की सुविधा, सुरक्षित यात्रा तथा सुव्यवस्थित रेल परिचालन सुनिश्चित करने की दिशा में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। ऐसे विशेष एवं मेगा अभियान भविष्य में भी नियमित रूप से जारी रहेंगे, जिससे अवैध यात्रा पर प्रभावी रोक लग सके और अधिक से अधिक यात्री समुचित टिकट लेकर यात्रा करने के लिए प्रेरित हों। ज्ञात हो कि सोनपुर रेल मंडल भारतीय रेल के राजस्व संरक्षण एवं सेवा गुणवत्ता में सतत सुधार के लिए पूर्णतः प्रतिबद्ध है।
![]()













Leave a Reply