रंजन वर्मा/कसमार (बोकारो)। प्रेरणा कला मंच खैराचातर के कलाकारों द्वारा परिवहन विभाग बोकारो के सहयोग से सड़क सुरक्षा जागरूकता अभियान के तहत 20 जनवरी को कार्यक्रम आयोजित किया गया।
जानकारी के अनुसार बोकारो बस स्टैंड एवं सिटी सेंटर सेक्टर चार में नुक्कड़ नाटक का मंचन किया गया। नुक्कड़ नाटक के माध्यम से आम जनों को यातायात नियमों का पालन करने, सुरक्षित ड्राइविंग अपनाने तथा सड़क दुर्घटनाओं से बचाव के उपायों के प्रति जागरूक किया गया।
ज्ञात हो कि नाटक के माध्यम से कलाकारों ने हेलमेट पहनने, सीट बेल्ट लगाने, नशे की हालत में वाहन न चलाने, ओवर स्पीडिंग से बचने और ट्रैफिक सिग्नल का पालन करने जैसे महत्वपूर्ण संदेश दिए। कलाकारों की सशक्त अभिनय प्रस्तुति ने मौजूद रहिवासियों का ध्यान आकर्षित किया और संदेश को प्रभावशाली ढंग से जन-जन तक पहुंचाया।
इस अवसर पर परिवहन विभाग के पदाधिकारियों ने कहा कि सड़क सुरक्षा केवल प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि समाज के प्रत्येक नागरिक की साझा जिम्मेदारी है। ऐसे जागरूकता कार्यक्रमों से आमजनों में चेतना बढ़ती है और सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सकती है।
बताया जाता है कि नुक्कड़ नाटक देखने के लिए बड़ी संख्या में राहगीर और वाहन चालक रुके और कलाकारों के प्रयासों की सराहना की। कार्यक्रम का उद्देश्य सड़क सुरक्षा के प्रति सकारात्मक सोच विकसित करना और सुरक्षित यातायात संस्कृति को बढ़ावा देना है।
![]()













Leave a Reply