नये वाशरी निर्माण को लेकर मुख्यालय टीम ने दिए कई निर्देश
एस. पी. सक्सेना/बोकारो। सीसीएल मुख्यालय रांची की तकनीकी टीम ने 20 जनवरी को बोकारो जिला के हद में कथारा वाशरी तथा स्वांग वाशरी का औपचारिक दौरा किया। नेतृत्व सीसीएल के निदेशक तकनीकी (योजना एवं परियोजना) अनुप हंजुरा कर रहे थे।
बताया जाता है कि इस दौरान उनके साथ जीएम कंस्ट्रक्शन एवं जीएम ऑपरेशन भी मौजूद थे। निरीक्षण के क्रम में टीम ने वाशरी परिसर का गहन अवलोकन किया और प्रस्तावित नई वाशरी के निर्माण से जुड़ी तैयारियों की समीक्षा की।
इस बावत कथारा वाशरी के परियोजना पदाधिकारी अमरेंद्र कुमार ने बताया कि डीटी (पी&पी) व उनकी टीम ने विशेष रूप से उस क्षेत्र का निरीक्षण किया, जहां नई वाशरी का निर्माण प्रस्तावित है। टीम द्वारा निर्देश दिया गया कि चिन्हित क्षेत्र में जमा कोयले को यथाशीघ्र हटाया जाए, ताकि नई वाशरी के निर्माण कार्य में किसी प्रकार की बाधा न आए और काम जल्द शुरू किया जा सके।
परियोजना पदाधिकारी ने कहा कि उक्त क्षेत्र को पूरी तरह से खाली कर निर्माण के लिए जगह उपलब्ध कराने में लगभग छह महीने का समय लग सकता है। इसके लिए चरणबद्ध तरीके से कोयले की निकासी और अन्य आवश्यक प्रक्रियाएं पूरी की जाएंगी।
बताया जाता है कि इसके पश्चात टीम स्वांग वाशरी भी गयी। स्वांग वाशरी के परियोजना पदाधिकारी बैकुंठ मोहन बाबू ने बताया कि यह दौरा पूरी तरह औपचारिक था, जिसमें वाशरी की वर्तमान स्थिति और कार्यप्रणाली का जायजा लिया गया। बताया जाता है कि सीसीएल प्रबंधन नई वाशरी के निर्माण को लेकर गंभीर है। खास यह कि इस परियोजना के पूर्ण होने से क्षेत्र में कोयला धुलाई की क्षमता बढ़ेगी, जिससे उत्पादन और गुणवत्ता दोनों में सुधार की उम्मीद है। स्थानीय स्तर पर भी इस परियोजना से रोजगार के नए अवसर सृजित होने की संभावना जताई जा रही है।
![]()













Leave a Reply