डीएवाई-एनयूएलएम योजना के तहत ननि द्वारा महिला व् पुरुष निःशुल्क आश्रयगृह
एस. पी. सक्सेना/बोकारो। कड़ाके की ठंड को देखते हुए पं. दीनदयाल अंत्योदय योजना–राष्ट्रीय शहरी आजीविका मिशन के अंतर्गत बोकारो जिला के हद में चास नगर निगम द्वारा आश्रयविहीन के लिए प्रभावी एवं मानवीय पहल की गई है। नगर निगम की ओर से महिला आश्रयगृह, आईटीआई मोड़ चास तथा पुरुष आश्रयगृह कम्युनिटी हॉल जोधाडीह मोड़ (हनुमान मंदिर के समीप) चास में निःशुल्क आश्रय* की व्यवस्था की जा रही है।
जिला जनसंपर्क कार्यालय के अनुसार जोधाडीह स्थित पुरुष आश्रयगृह में 15 बेड एवं आईटीआई स्थित महिला आश्रयगृह में 20 बेड की व्यवस्था की गई है। दोनों ही आश्रयगृहों में हवादार कमरे उपलब्ध हैं, जिससे आश्रितों को सुरक्षित एवं आरामदायक वातावरण मिल सके। आश्रयविहीनों के लिए बेड, तकिया, कंबल, मच्छरदानी एवं रूम हीटर की व्यवस्था की गई है। इसके साथ ही मानक प्रकाश व्यवस्था, स्वच्छ पेयजल, शौचालय, अग्नि सुरक्षा तथा फर्स्ट एड बॉक्स जैसी मूलभूत सुविधाएं भी उपलब्ध कराई गई हैं।
जिले के विभिन्न स्थलों से रेस्क्यू के माध्यम से लाए गए असहाय, निर्बल एवं शहरी गरीब आश्रयविहीनों को निःशुल्क भोजन उपलब्ध कराने के लिए इसे मुख्यमंत्री दाल-भात केंद्र से जोड़ा गया है, जिससे उन्हें नियमित रूप से भोजन मिल सके। महिला एवं पुरुष रेस्क्यू टीम द्वारा सप्ताह में तीन बार 24×7 रेस्क्यू अभियान चलाया जा रहा है। इसका उद्देश्य सड़कों, सार्वजनिक स्थलों एवं खुले स्थानों पर रह रहे जरूरतमंदो को सुरक्षित आश्रय उपलब्ध कराना है।
कहा गया कि महिला आश्रयगृह के लिए महिला केयर टेकर शर्मिला मांझी (मो. 8809148344) एवं श्यामली मांझी (मो. 8235262761) तथा पुरुष आश्रयगृह के लिए केयर टेकर शिवचरण कुमार (मो. 6201425995) से संपर्क किया जा सकता है। चास नगर निगम की यह पहल ठंड के मौसम में आश्रयविहीनों के लिए जीवनरक्षक साबित हो रहा है। यह सामाजिक सरोकारों के प्रति नगर निगम प्रशासन की प्रतिबद्धता को दर्शाता है।
![]()













Leave a Reply