प्रहरी संवाददाता/कसमार (बोकारो)। झारखंड के अमर स्वतंत्रता सेनानी स्व. काशी नाथ मुंडा की स्मृति में 21 दिसंबर को स्वास्थ्य एवं पर्यावरण संरक्षण संस्थान द्वारा बोकारो के पर्यावरण-मित्र चौक स्थित पर्यावरण-मित्र वाटिका के स्वतंत्रता सेनानी स्मृति उद्यान में दालचीनी का एक पौधा लगाकर भावभीनी विनम्र श्रद्धांजलि दी गई।
ज्ञात हो कि उक्त पौधा संस्थान के कार्यकारी अध्यक्ष रघुवर प्रसाद, उपाध्यक्ष अखिलेश ओझा और स्वास्थ्य संयोजक गौरी शंकर सिंह ने मिलकर रोपित किया। इस अवसर पर संस्थान के महासचिव शशि भूषण ओझा ‘मुकुल’ ने बताया कि स्व. काशी नाथ मुंडा के जन्म स्थल से लाई गई पवित्र मिट्टी के ऊपर यह वृक्षारोपण किया गया तथा स्वतंत्रता संग्राम में इनके अतुलनीय योगदान को भी याद करते हुए नमन किया गया।
ध्यान देने योग्य कि स्व. मुंडा का जन्मस्थल बोकारो जिला के हद में पेटरवार प्रखंड स्थित पेटरवार ग्राम में है। संस्थान के महासचिव मुकुल ओझा ने कहा कि बोकारो जिला प्रशासन तथा झारखंड सरकार ने स्वतंत्रता सेनानियों को लगभग भूला ही दिया है। न इनकी स्मृति में कोई भी कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है, न इनके नाम से इनके जन्मस्थल के समीप स्थित किसी स्कूल, सड़क या चौक का ही नामकरण किया जा रहा है। जिन्होंने अपने जीवन को देश के प्रति समर्पित कर अपने परिवार और स्वयं की खुशियों तथा सुख सुविधाओं को न्योछावर कर दिया, आज उनके परिवार के सदस्यों की स्थिति इतनी दयनीय है कि न रहने को घर है, न कोई रोजी रोटी का ही इंतजाम है। कई स्वतंत्रता सेनानियों के परिवार के सदस्य तो दिहाड़ी मजदूरी कर पेट पाल रहे हैं।
उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य एवं पर्यावरण संरक्षण संस्थान द्वारा स्वतंत्रता सेनानियों के जन्मस्थल की पवित्र मिट्टी को एकत्रित करने का कार्य लगातार जारी है। जिसके माध्यम से उनके घर जाकर उनके परिवार के सदस्यों की आर्थिक और सामाजिक स्थिति का भी आकलन किया जा रहा है। इस कार्यक्रम के माध्यम से स्वतंत्रता सेनानियों के प्रति श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए पर्यावरण संरक्षण का भी संदेश दिया जा रहा है। स्वतंत्रता सेनानी स्मृति वृक्षारोपण कार्यक्रम में रघुवर प्रसाद, अखिलेश ओझा, गौरी शंकर सिंह, मृणाल चौबे, लक्ष्मण शर्मा, शशि भूषण ओझा ‘मुकुल’, वीरेंद्र चौबे, ललित कुमार, रोहित सिंह, मनीष झा, अभय कुमार गोलू, सत्येंद्र पांडेय सहित कई पर्यावरण प्रेमी उपस्थित थे।
![]()













Leave a Reply