Advertisement

कराटे बेल्ट ग्रेडिंग टेस्ट में डीपीएस बोकारो के छात्रों का दमदार प्रदर्शन, 69 रहे सफल

रंजन वर्मा/कसमार (बोकारो)। डीपीएस बोकारो के विद्यार्थियों ने कराटे बेल्ट ग्रेडिंग टेस्ट में एक बार फिर शानदार प्रदर्शन करते हुए अपनी मार्शल आर्ट्स प्रतिभा का दमदार परिचय दिया है। एक्सरसाइज, पंचिंग, स्टैंस सहित 10 विभिन्न श्रेणियों में कुल 69 विद्यार्थी इसमें सफल रहे।

प्रतिभागियों को उनकी दक्षता के आधार पर ऑरेंज, ग्रीन, ब्लू, पर्पल और ब्राउन बेल्ट प्रदान किए गए। विद्यालय की प्राइमरी इकाई की कक्षा तीन से पांचवीं तक के उक्त सभी प्रतिभागियों को बेल्ट के अलावा टेंशिनकान शोतोकान रियू कराटे फेडरेशन ऑफ इंडिया द्वारा जारी आधिकारिक ग्रेडिंग प्रमाण-पत्र भी प्रदान किए गए।

विदित हो कि यह फेडरेशन टेंशिनकान कराटे फेडरेशन ऑफ जापान से मान्यता प्राप्त है और कराटे एसोसिएशन ऑफ इंडिया (केएआई) से स्वीकृत है। डीपीएस बोकारो खेल कराटे एसोसिएशन ऑफ झारखंड के सहयोग से अपने विद्यार्थियों को उनका समग्र विकास सुनिश्चित करने के उद्देश्य से लगातार कराटे का गहन प्रशिक्षण दे रहा है। इसके जरिए बच्चे अनुशासन, आत्मरक्षा और शारीरिक फिटनेस के गुर सीख रहे हैं। इसी कड़ी में उक्त बेल्ट ग्रेडिंग टेस्ट का आयोजन किया गया था, जिसमें सर्वाधिक 48 विद्यार्थियों ने ऑरेंज बेल्ट प्राप्त किए। इसके अलावा सात ने ग्रीन, पांच ने ब्लू, आठ ने पर्पल तथा एक विद्यार्थी ने ब्राउन बेल्ट अर्जित किया।

विद्यालय में आयोजित एक विशेष एसेंबली के दौरान 29 अक्टूबर को डीपीएस बोकारो के प्राचार्य एवं खेल कराटे एसोसिएशन ऑफ झारखंड के चेयरमैन डॉ ए. एस. गंगवार ने एसोसिएशन के महासचिव एवं मुख्य प्रशिक्षक शिहान खेदू गोराईं की मौजूदगी में प्रमाण-पत्र व बेल्ट के साथ सफल प्रशिक्षुओं को सम्मानित किया। प्राचार्य डॉ गंगवार ने कराटे को आत्मरक्षा का सशक्त माध्यम बताते हुए कहा कि यह छात्रों के शारीरिक व मानसिक विकास के साथ-साथ उनमें अनुशासन और आत्मविश्वास भी सिखाता है।

 

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *