Advertisement

सतर्कता हमारी साझा जिम्मेदारी विषय पर बीएसएल में कार्यक्रम की शुरुआत

रंजन वर्मा/कसमार (बोकारो)। बोकारो स्टील लिमिटेड (बीएसएल) में सतर्कता जागरूकता सप्ताह की शुरुआत 28 अक्टूबर को इस्पात भवन परिसर में की गयी। बीते 27 अक्टूबर से आगामी 2 नवंबर तक चलने वाले इस सप्ताह का उद्घाटन अधिशासी निदेशक (मानव संसाधन) राजश्री बनर्जी ने किया।

इस अवसर पर अधिशासी निदेशक (माइंस) विकास मनवटी, अधिशासी निदेशक (सामग्री प्रबंधन) सी.आर. मिश्रा, अधिशासी निदेशक (परियोजनाएँ) अनीष सेनगुप्ता, अधिशासी निदेशक (ऑपरेशन) अनुप कुमार दत्त, अधिशासी निदेशक (चिकित्सा एवं स्वास्थ्य सेवाएँ) डॉ बी.बी. करुणामय, मुख्य महाप्रबंधक (सतर्कता) एवं एसीवीओ ज्ञानेश झा सहित कई वरिष्ठ अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित थे।

कार्यक्रम की शुरुआत सरदार वल्लभभाई पटेल को पुष्पांजलि अर्पित कर की गई। तत्पश्चात अधिशासी निदेशक (मानव संसाधन) राजश्री बनर्जी ने उपस्थित सभी जनों को सत्यनिष्ठा की शपथ दिलाई। इस अवसर पर मुख्य महाप्रबंधक (सतर्कता) ज्ञानेश झा ने सतर्कता : हमारी साझा जिम्मेदारी विषय पर विभाग द्वारा आयोजित विभिन्न कार्यक्रमों की जानकारी साझा की।

उद्घाटन समारोह में भारत के राष्ट्रपति, उपराष्ट्रपति, प्रधानमंत्री, इस्पात मंत्री और केंद्रीय सतर्कता आयोग (सीवीसी) के संदेशों का वाचन भी किया गया। अपने संबोधन में ईडी एचआर बनर्जी ने सभी से व्यावसायिक शिष्टाचार, नैतिकता और सत्यनिष्ठा को अपने कार्य व्यवहार का हिस्सा बनाने का आह्वान किया। कार्यक्रम का संचालन एवं धन्यवाद ज्ञापन चित्रा पराशर, वरीय प्रबंधक (सतर्कता) ने किया।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *