सिद्धार्थ पांडेय/चाईबासा (पश्चिम सिंहभूम)। पश्चिम सिंहभूम जिला के हद में गुवा रेलवे साइडिंग में बीते 26 अक्टूबर की आधी रात एक बार फिर मालगाड़ी का एक डब्बा पटरी से उतर गया। घटना के बाद रेलकर्मियों और अधिकारियों में अफरा-तफरी मच गई।
राहत कार्य के लिए देर रात ही तकनीकी टीम मौके पर पहुंची और मरम्मत कार्य शुरू किया गया।बताया जाता है कि इस हादसे में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई है, हालांकि मालगाड़ी के डिब्बे को नुकसान पहुंचा है। गौरतलब है कि इसके एक दिन पूर्व बीते 25 अक्टूबर की रात भी इसी रेलवे साइडिंग में सेल के बंकर के समीप मालगाड़ी के चार डिब्बे बेपटरी हो गए थे। लगातार दो दिनों में हुई बेपटरी की घटनाओं से रेलवे और सेल प्रशासन की कार्यशैली पर सवाल उठने लगे हैं।

स्थानीय रहिवासियों और मजदूर संगठनों का कहना है कि गुवा साइडिंग की ट्रैक व्यवस्था काफी पुरानी हो चुकी है। रेलवे द्वारा उसकी नियमित देखरेख नहीं की जाती है, जिससे आयेदिन रेल दुर्घटना की घटनायें हो रही है। स्थानीय रहिवासियों के अनुसार गुवा साइडिंग और बंकर क्षेत्र में जो रेल पटरी बिछाई गई है, वह अब भी ब्रिटिश काल की पुरानी लाइन है। जिसे आज तक बदला नहीं गया है।
जब तक रेल लाइन और तकनीकी ढांचे में सुधार नहीं किया जाएगा, इस तरह की घटनाएं होती रहेंगी। रहिवासियों ने केंद्र सरकार से मांग की है कि गुवा साइडिंग में हो रही इन दुर्घटनाओं की निष्पक्ष सीबीआई जांच कराई जाए, ताकि भ्रष्टाचार में शामिल अधिकारियों पर कानूनी कार्रवाई की जा सके।
![]()













Leave a Reply