Advertisement

जिला निर्वाची पदाधिकारी ने किया चुनावी तैयारी का निरीक्षण

गंगोत्री प्रसाद सिंह/हाजीपुर (वैशाली)। वैशाली के जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह जिला पदाधिकारी वर्षा सिंह एवं पुलिस अधीक्षक ललित मोहन शर्मा ने 28 अक्टूबर को जिला मुख्यालय हाजीपुर के राज नारायण कॉलेज एवं हरिवंशपुर स्थित आइटीआई कॉलेज बज्रगृह एवं मतगणना केंद्र का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने विधान सभावार तैयारी की प्रगति की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को विस्तृत निर्देश दिए।

जिला पदाधिकारी वर्षा सिंह ने बताया कि आगामी 6 नवंबर को मतदान समाप्ति के उपरांत सभी विधानसभा क्षेत्रों के पीठासीन पदाधिकारी मतदान केंद्रों से ईवीएम एवं चुनाव सामग्री लेकर पांच विधानसभा लालगंज, वैशाली, महुआ, महनार व राजापाकर का राज नारायण कॉलेज हाजीपुर एवं तीन विधानसभा हाजीपुर, राघोपुर व पातेपुर का हरिवंशपुर स्थित आइटीआई कॉलेज बज्रगृह पहुंचेंगे।

इस दृष्टि से यातायात व्यवस्था, बैरिकेडिंग, वाहनों का सुव्यवस्थित प्रवेश-निकास, काउंटर व्यवस्था एवं कर्मियों की तैनाती का सुदृढ़ होना आवश्यक है। उन्होंने निर्देश दिया कि सभी विधानसभा क्षेत्रों से आने वाले मार्गों को जाम मुक्त रखा जाए तथा ट्रैफिक प्लान के अनुसार प्रमुख मार्गों पर पुलिस बल एवं मजिस्ट्रेट की तैनाती की जाए।

जिला पदाधिकारी ने भवन प्रमंडल विभाग को निर्देश दिया कि बज्रगृह व मतगणना केंद्र का सभी तैयारी ससमय पूरा करें। यह भी सुनिश्चित करने को कहा गया कि किसी भी स्थिति में भीड़ या जाम न उत्पन्न हो। पुलिस उपाधीक्षक ट्रैफिक को संवेदनशील बिंदुओं पर पुलिस प्रतिनियुक्ति एवं सतत गश्ती व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।

निरीक्षण के दौरान जिला पदाधिकारी सिंह ने कहा कि राज नारायण कॉलेज एवं हरिवंशपुर आईटीआई कॉलेज स्थित बज्रगृह में विधानसभा क्षेत्रवार मतदान केंद्रों की संख्या को ध्यान में रखते हुए पर्याप्त काउंटरों की व्यवस्था की जाएगी, ताकि ईवीएम एवं अन्य निर्वाचन सामग्री का संग्रहण सुगमता एवं शीघ्रता से हो सके। निर्देश दिया गया कि प्रत्येक काउंटर पर प्रशिक्षित एवं दक्ष कर्मियों की तैनाती की जाए, जो पीठासीन पदाधिकारियों से सामग्री आयोग की निर्धारित मानक संचालन प्रक्रिया (एसओपी) के अनुसार प्राप्त करें।

सभी निर्वाची पदाधिकारियों एवं सहायक निर्वाची पदाधिकारियों को निर्देशित किया गया कि वे अपने-अपने क्षेत्र के बज्रगृह एवं काउंटिंग की पूरी व्यवस्था समय से पूर्व तैयार रखें। निरीक्षण क्रम में बज्रगृह/मतगणना केन्द्र राज नारायण कॉलेज व हरिंवशपुर आइटीआई कॉलेज में सफाई, पेयजल और अस्थायी शौचालयों की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित करने का उन्होंने निर्देश दिया। साथ ही पेयजल टैंकर, अस्थायी शौचालय एवं प्रकाश व्यवस्था की समुचित तैयारी सुनिश्चित की जाए।मतगणना केंद्र एवं बज्रगृह परिसर में सीसीटीवी कैमरे, प्रवेश पास प्रणाली एवं पहचान सत्यापन व्यवस्था लागू की जाएगी, जिससे सुरक्षा व्यवस्था और अधिक सुदृढ़ हो सके। निरीक्षण के समापन पर जिला पदाधिकारी ने कहा कि चुनाव लोकतंत्र का महापर्व है। इसकी सफलता हमारी सामूहिक जिम्मेदारी है। प्रत्येक अधिकारी एवं कर्मी को अपने कर्तव्यों का निर्वहन पूर्ण निष्ठा, पारदर्शिता और समयबद्धता से करना है।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *