Advertisement

बेरमो विधायक आवास पहुंचकर डीसी व् एसपी ने खरना पर्व में लिया हिस्सा

छठ महापर्व के दूसरे दिन श्रद्धा और भक्ति के साथ मनाया गया खरना पर्व

एस. पी. सक्सेना/बोकारो। लोक आस्था के महान पर्व छठ के दूसरे दिन 26 अक्टूबर को पूरे बोकारो जिले में श्रद्धा और भक्ति के साथ खरना पर्व मनाया गया। इस अवसर पर जिला उपायुक्त (डीसी) अजय नाथ झा, पुलिस अधीक्षक (एसपी) हरविंदर सिंह, एसडीओ चास प्रांजल ढ़ांडा ने भी उत्सव में हिस्सा लेकर आस्था का परिचय दिया।

अधिकारियों ने पारंपरिक विधि-विधान से पूजा-अर्चना की और छठ मैया से जिलेवासियों की खुशहाली, सुरक्षा, शांति और समृद्धि की कामना की। जानकारी के अनुसार उपरोक्त अधिकारीगण बेरमो विधायक कुमार जयमंगल (अनुप सिंह) के बोकारो जिला के हद में फुसरो के ढोरी स्टाफ क्वाटर स्थित आवास पहुंचकर आस्था व् विश्वास के साथ खरना प्रसाद ग्रहण किया।

उपायुक्त झा ने खरना पूजा के उपरांत आयोजित प्रसाद वितरण में हिस्सा लिया। उन्होंने श्रद्धालुओं के साथ बैठकर गुड़ का बना खीर व् रोटी का प्रसाद ग्रहण किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि छठ पर्व सिर्फ पूजा नहीं, बल्कि यह समाज में अनुशासन, स्वच्छता और एकता का प्रतीक है।

उपायुक्त ने कहा कि छठ पर्व का विशेष महत्व इसलिए भी है क्योंकि यह प्रकृति, सूर्य और जल की आराधना का पर्व है। उन्होंने जिलावासियों से अपील की कि पूजा के दौरान नदी और तालाबों की स्वच्छता बनाए रखें तथा प्लास्टिक का उपयोग नहीं करें। उन्होंने कहा कि प्रशासन छठ महापर्व को शांतिपूर्वक और स्वच्छ वातावरण में संपन्न कराने के लिए हर संभव प्रयास कर रहा है। खरना पर्व के दौरान अनेक प्रशासनिक अधिकारी, कर्मचारी एवं स्थानीय श्रद्धालु उपस्थित रहे। पूरे जिले में भक्तों ने श्रद्धा और भक्ति के साथ व्रत रखकर छठ मैया की आराधना की। माहौल पूरी तरह से भक्ति और आस्था से ओतप्रोत रहा।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *