स्थानीय विस्थापितों को रोजगार नहीं मिला तो होगी आरपार की लड़ाई-जयराम
राजेश कुमार/बोकारो थर्मल (बोकारो)। झारखंड क्रांतिकारी लोकतांत्रिक मोर्चा (जेकेएलएम) द्वारा 5 अक्टूबर को बोकारो थर्मल डिग्री कॉलेज मैदान में जन आक्रोश महासभा का आयोजन किया गया। सभा में मुख्य रूप से डुमरी विधायक जयराम महतो शामिल हुए।
जानकारी के अनुसार जेएलकेएम की ओर से बोकारो थर्मल प्लांट में रोजगार सहित अन्य समस्याओं से सम्बन्धित 13 सूत्री मांग पत्र डीवीसी प्रबन्धन को सौंपा गया है। बतौर मुख्य अतिथि उपस्थित जेकेएलएम सुप्रीमो सह डुमरी विधायक जयराम कुमार महतो ने डीवीसी प्रबन्धन को चेतावनी देते हुए कहा कि डीवीसी प्रबंधन अगर स्थानीय विस्थापित बेरोजगारों को प्लांट में सरकारी नियम के अनुसार 75 प्रतिशत रोजगार नहीं देती है तो अब आर पार की लड़ाई लड़ी जाएगी। उन्होंने कहा कि बोकारो थर्मल सहित झारखंड में डीवीसी का प्लांट लगे लगभग 70 वर्ष हो गये हैं, परन्तु प्लांट को जमीन देने वाले विस्थापित अभी भी बेरोजगार है। उन्होंने कहा कि उनका दूसरे राज्यों से आए कामगारों का विरोध नहीं है। सभी हमारे बड़े भाई है, परन्तु उन्हें भी सोचना चाहिए कि वे जिस प्लांट में काम कर रहे है वह प्लांट विस्थापितों की जमीन पर बना है।

कहा कि स्थानीय विस्थापितों को रोजगार दिलाने को लेकर जेकेएलएम बोकारो थर्मल में आंदोलन करेगी। इस बीच अगर पुलिस अथवा सीआईएसएफ लाठी चलाएगी तो विस्थापित डीवीसी अधिकारियों को उस लाठी से पीट कर जवाब देंगे।
विधायक ने कहा कि मुझे मरवाने के लिए शुटरों को करोड़ों का सुपारी दिया जा रहा है। फिर भी मैं डरने वाला नहीं हूं। उन्होंने खास कर महिलाओ को आगे आने की अपील करते हुए कहा कि अपने हक व अधिकार की लड़ाई में अगर लाठी भी उठाना पड़े तो संकोच न करें।
कहा कि झारखंड के बेरोजगार आज रोजगार के लिए विदेश पलायन कर रहे हैं, जहां उन्हें मौत के सिवा कुछ नहीं मिल रहा है। मरना ही है तो अपने हक अधिकार की लड़ाई लड़ते हुए मरे। सभा में कई जनों ने जेकेएलएम की सदस्यता ग्रहण की। इस अवसर पूजा महतो, मनोज महतो, पिंटू मल्लाह, खगेंद्र महतो, भोला महतो, सचिन महतो सहित कई अन्य उपस्थित थे।
![]()













Leave a Reply