सोनपुर भाजपा द्वारा मनाया गया पार्टी के भीष्म पितामह की जयंती
अवध किशोर शर्मा/सारण (बिहार)। सारण जिला के हद में सोनपुर नगर भाजपा ने 5 अक्टूबर को रजिस्ट्री बाजार स्थित पार्टी कार्यालय में बिहार प्रदेश भारतीय जनता पार्टी के भीष्म पितामह कैलाशपति मिश्रा की जयंती पर कार्यक्रम आयोजित कर उन्हें सादर याद किया। जयंती समारोह की अध्यक्षता बीजेपी नगर अध्यक्ष मुकेश कुमार सिंह बब्लु ने किया।
इस अवसर पर वरीय भाजपा नेता कुमार गोपाल सिंह ने कहा कि दिवंगत कैलाशपति मिश्र भारतीय राजनीति के एक प्रमुख नेता थे, जिन्होंने भारतीय जनसंघ और कालांतर में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के लिए महत्वपूर्ण योगदान दिया। उन्होंने वर्ष 1977 से 1979 तक भारत सरकार में वित्त मंत्री के रूप में कार्य किया और मई 2003 से जुलाई 2004 तक गुजरात के राज्यपाल रहे।
उन्होंने कहा कि दिवंगत कैलाशपति मिश्र का जन्म 5 अक्टूबर 1923 को बिहार के बक्सर जिला के हद में दुधरचक में एक भूमिहार ब्राह्मण परिवार में हुआ था। उनके राजनीतिक करियर की शुरुआत भारतीय स्वतंत्रता आंदोलन से हुई, जब उन्होंने 1942 के भारत छोड़ो आंदोलन में भाग लिया। इसके लिए उन्हें अंग्रेजी शासन द्वारा गिरफ्तार भक्त किया गया।
भाजपा नेता नरेश सिंह ने कहा कि दिवंगत मिश्र वर्ष 1943 से राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के सदस्य रहे।
उन्होंने 1971 के लोकसभा चुनाव में जनसंघ के टिकट पर पटना से चुनाव लड़ा, लेकिन हार गए। वर्ष 1977 में उन्होंने बिहार विधानसभा का चुनाव जीतकर बिक्रम सीट पर विजय प्राप्त की और कर्पूरी ठाकुर की जनता पार्टी सरकार में वित्त मंत्री बने। वर्ष 1980 में वे भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के पहले बिहार प्रदेश अध्यक्ष बने और 1995 से 2003 तक पार्टी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष रहे।उनकी नियुक्ति वर्ष 2003 में गुजरात के राज्यपाल के रूप में की गयी। उन्होंने राजस्थान के कार्यवाहक राज्यपाल के रूप में भी कार्यभार संभाला। वर्ष 2004 में भाजपा सरकार की हार के बाद, कांग्रेस सरकार ने उन्हें राज्यपाल पद से हटा दिया। कहा कि दिवंगत मिश्र को बिहार में भाजपा का भीष्म पितामह माना जाता था।
समाजवादियों द्वारा भी उनकी सराहना की गई। खासकर 1974 के जेपी आंदोलन के दौरान कांग्रेस विरोधी गतिविधियों में उनकी भागीदारी के कारण। उनका निधन 3 नवंबर 2012 को हुआ। उनकी याद में भारत सरकार ने वर्ष 2016 में उनके सम्मान में एक डाक टिकट जारी किया।
धन्यवाद ज्ञापन सोनपुर दक्षिणी मंडल अध्यक्ष दीपक शर्मा ने किया।मौके पर मंडल उपाध्यक्ष संजीव कुमार सिंह, नमामि गंगे सारण जिला संयोजक सुनील दुबे, राजीव मुनमुन, महामंत्री ज्ञानसागर सिंह, सौरभ सिंह सोलंकी, कांति देवी, राणा विमल सिंह, अशोक कुमार सिंह, राजन कुमार राम, अभिमन्यु सिंह, उदय प्रताप, प्रवीण कुमार आदि उपस्थित थे।
![]()













Leave a Reply