भक्ति गीतों व झांकियों पर रातभर झूमते रहे श्रद्धालु, जयकारों से गूंजा पूरा क्षेत्र
सिद्धार्थ पांडेय/चाईबासा (पश्चिम सिंहभूम)। पश्चिम सिंहभूम जिला के हद में बड़ाजामदा फुटबॉल मैदान में बीते 3 अक्टूबर की रात्रि मां शेरावाली का विशाल जागरण का आयोजन किया गया। आयोजन का नेतृत्व उद्योगपति सह समाजसेवी संजय कुमार शारदा कर रहे थे।
क्षेत्र में लगातार हो रही बारिश को देखते हुए मंडप के भीतर भव्य मंच सजाया गया था, जहां देर रात 10 बजे मां की पूजा अर्चना और 11 कन्याओं का पूजन कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। देश की राजधानी दिल्ली से आए टी-सीरीज के प्रसिद्ध गायक एन कृष्णमूर्ति, भक्ति सागर के भजन गायक सरदार बलबीर सिंह और जमशेदपुर की प्रसिद्ध गायिका पूजा झा ने एक से बढ़कर एक हिंदी और भोजपुरी भजनों की प्रस्तुति दी। उनके भक्ति गीतों पर श्रद्धालु पूरी रात झूमते रहे और जय माता दी के जयकारों से पूरा बड़ाजामदा गूंज उठा।
वहीं, पूर्वी सिंहभूम जिला के हद में टाटानगर से आए सूरज प्रिया की झांकी टीम ने राम चरित्र मानस पर आधारित झांकियां प्रस्तुत कीं। राम, लक्ष्मण, सीता और हनुमान की भूमिकाओं से सजी झांकियों ने भक्तों को भाव विभोर कर दिया। दूसरे दिन 4 अक्टूबर की सुबह 5 बजे तक जागरण का कार्यक्रम चलता रहा और मैदान में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ जमी रही। इस दौरान उद्योगपति शारदा ने श्रद्धालुओं के बीच महाभोग प्रसाद का वितरण किया।
जागरण में चाईबासा, झिंकपानी, जगन्नाथपुर, किरीबुरू, बड़बिल (ओड़िशा), बोलानी (ओड़िशा), रांची, जमशेदपुर और गुवा सहित आसपास के कई स्थानों से श्रद्धालू पहुंचे थे। कार्यक्रम में सार्वजनिक दुर्गा पूजा कमिटी फुटबॉल मैदान बड़ाजामदा के संरक्षक संजय शारदा, अध्यक्ष राजेश सिंह, सचिव संतोष प्रसाद, कोषाध्यक्ष सौरभ बोस सहित बड़ी संख्या में समिति के सदस्य उपस्थित होकर उक्त आयोजन को सफल बनाया।
![]()













Leave a Reply