Advertisement

मुख्यमंत्री ने निवर्तमान मुख्य सचिव अलका तिवारी को दी भावभीनी विदाई

राज्य के नए मुख्य सचिव अविनाश कुमार ने संभाला पदभार

एस. पी. सक्सेना/रांची (झारखंड)। झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने 30 सितंबर को राज्य के मुख्य सचिव पद से सेवानिवृत्त हो रही वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी अलका तिवारी को भावभीनी विदाई दी। इस मौके पर मुख्यमंत्री ने कहा कि निवर्तमान मुख्य सचिव ने अपने कार्यकाल के दौरान बेहतर प्रशासनिक क्षमता का परिचय देते हुए राज्य सरकार की विभिन्न योजनाओं एवं नीतियों के क्रियान्वयन में महत्वपूर्ण योगदान दिया।

सीएम ने कहा कि उनके मार्गदर्शन से राज्य सरकार की कई महत्वाकांक्षी योजनाओं को सफलतापूर्वक लागू करने में मदद मिली है। उन्होंने मुख्य सचिव तिवारी के सेवा काल की सराहना करते हुए कहा कि सदैव ईमानदारी, निष्ठा और कर्तव्यपरायणता के साथ कार्य किया है। उन्होंने राज्य प्रशासन को एक नई दिशा दी और प्रशासनिक परंपराओं को मजबूती दी। उन्होंने तिवारी के भविष्य के लिए शुभकामनाएँ देते हुए आशा व्यक्त की कि आगे भी वे अपने अनुभव और मार्गदर्शन से समाज को लाभान्वित करती रहेंगी।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री सोरेन ने नवनियुक्त मुख्य सचिव अविनाश कुमार को पदभार ग्रहण करने पर शुभकामनाएं दी तथा कहा कि अविनाश कुमार की कार्यकुशलता, दूरदर्शिता एवं प्रशासनिक अनुभव से राज्य प्रशासन को और अधिक मजबूती मिलेगी तथा राज्य सरकार की विकास योजनाओं के कार्यान्वयन में तेजी आएगी। इस अवसर पर नवनियुक्त मुख्य सचिव सहित राज्य के नए विकास आयुक्त अजय कुमार सिंह व् विभिन्न विभागों के प्रधान सचिव/सचिव तथा वरिष्ठ पदाधिकारीगण उपस्थित थे।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *