मानव सेवा आश्रम एवं बाबा वैद्यनाथ वृद्ध सेवा आश्रम में बिताया समय
एस. पी. सक्सेना/बोकारो। देव शक्ति का प्रतीक महाष्ठमी पर्व पर जहां आमजन देवी मां के मंदिरों एवं पंडालों में ही जाकर पूजा-अर्चना करते हैं, वहीं बोकारो जिला उपायुक्त अजय नाथ झा ने इस दिन को एक अलग ही स्वरूप दिया। उन्होंने 30 सितंबर को विभिन्न पूजा पंडालों का भ्रमण करने के बाद बोकारो के सेक्टर पांच स्थित मानव सेवा आश्रम तथा सोलागीडीह स्थित बाबा वैद्यनाथ वृद्ध सेवा आश्रम में रह रहे दिव्यांग बच्चों एवं वृद्धजनों के साथ समय बिताकर पर्व को सेवा और संवेदना के रूप में मनाया।
जानकारी के अनुसार जिला उपायुक्त ने सेक्टर पांच स्थित मानव सेवा आश्रम के बच्चों के बीच मिठाई और फल वितरित किए। बच्चों से आत्मीय संवाद करते हुए उन्होंने उनके रुचियों के बारे में जाना। मासूम बच्चों की मुस्कान ने पूरे माहौल को उल्लास और अपनापन से भर दिया। इस दौरान आश्रम में सेक्टर वन बी रहिवासी साह आलाम अपने 4 वर्षीय बेटी आयशा का जन्मदिन मनाने पहुंचे थे। उपायुक्त झा ने इसकी सराहना की। वह भी जन्मदिन कार्यक्रम में आश्रम के सभी बच्चों के साथ शामिल हुए।
वहीं, जिला के हद में चास प्रखंड के सोलागीडीह स्थित बाबा वैद्यनाथ वृद्ध सेवा आश्रम में मौजूद वृद्धजनों से बातचीत करते हुए उपायुक्त झा ने उनकी भावनाओं को समझने का प्रयास किया। उन्होंने मीना साव, कृष्णा कुमारी, रानी बाला आदि वृद्धजनों से बातचीत की। वृद्धजनों ने भी पुत्रवत अपनापन पाकर उनके साथ अपनी खुशी साझा की। उनकी आशीर्वाद भरी बातें उपायुक्त को भावुक कर गईं।
संवेदनाओं से भरे इस पल में उपायुक्त अजय नाथ झा ने कहा कि यह भी एक मंदिर ही है, यहां सेवा ही सच्ची पूजा है। उन्होंने कहा कि मां दुर्गा की आराधना तभी पूर्ण होती है, जब हम समाज के जरूरतमंदो के बीच जाएं, जिन्हें सबसे ज्यादा सहारे और स्नेह की जरूरत है।
इस अवसर पर उपायुक्त ने आश्रम प्रबंधन से बातचीत की और सुविधाओं एवं समस्याओं का जायजा लिया। उन्होंने जिला प्रशासन की ओर से आश्रम को हरसंभव सहयोग और सहायता देने का आश्वासन दिया। मौके पर जिला समाज कल्याण पदाधिकारी डॉ सुमन गुप्ता, सहायक जनसंपर्क पदाधिकारी अविनाश कुमार सिंह आदि उपस्थित थे।
![]()













Leave a Reply