साभार/ रांची। झारखंड विधानसभा चुनाव (Jharkhand Assembly Elections 2019) को लेकर बीजेपी ने अपना घोषणापत्र जारी कर दिया है। इसे संकल्पपत्र का नाम दिया गया है। मुख्यमंत्री रघुवर दास, केन्द्रीय मंत्री रविशंकर प्रसाद और अर्जुन मुंडा की मौजूदगी में बीजेपी का संकल्पपत्र जारी हुआ। इसमें सूबे की बेटियों को केजी से पीजी तक मुफ्त शिक्षा देने का वादा किया गया है। वहीं, महिलाओं को सरकारी नौकरी में 33 फीसदी आरक्षण देने की भी घोषणा की गई है।
संकल्प पत्र जारी करते हुए सीएम रघुवर दास (Raghubar Das) ने कहा कि झारखंड को नई बुलंदी पर पहुंचाने के लिए बीजेपी सरकार कृतसंकल्प है। राज्य को दोबारा मजबूत सरकार की जरूरत है। पिछले पांच वर्षों में सबका विकास हुआ है और आगे भी बिना जाति-धर्म देखे विकास करेंगे। उन्होंने आगे कहा कि पहली बार राज्य में बेदाग सरकार ने काम किया है।
सीएम रघुवर दास ने कहा कि राज्य को आगे बढ़ाने के लिए सरकार ने कई काम किए और आगे भी करेंगे। उग्रवाद एक बड़ी समस्या थी, लेकिन राज्य की जनता और पुलिस के सहयोग से उग्रवाद का असर कम हुआ है। उन्होंने चेतावनी देने के लहजे में कहा कि माओवादी मुख्य धारा में लौट आएं नहीं तो पुलिस अपना काम करेगी। सीएम ने ऐलान किया कि राज्य के बड़े शहरों में पुलिस कमिश्नरी की स्थापना, आदित्यपुर में मेट्रो रेल कोच की फैक्ट्री और स्टील प्लांट्स लगाए जाएंगे।
केन्द्रीय मंत्री रविशंकर प्रसाद ने कहा कि पिछले पांच साल में रघुवर सरकार ने विकास और स्थायित्व का शासन सूबे को दिया। यूएनडीपी ने गरीबी कम करने के मामले में झारखंड को पहला स्थान दिया। ईज ऑफ डूइंग बिजनेस में झारखंड देश में चौथा स्थान प्राप्त किया। डिजिटल क्षेत्र में भी झारखंड आगे बढ़ रहा है। केन्द्रीय मंत्री ने कहा कि बीजेपी सरकार झारखंड को खेल के क्षेत्र में बड़ी ताकत बनाएगी। संकल्प पत्र में खेल पर विशेष जोर दिया गया है। राज्य के वीर पुत्रों को भी सम्मान देगी।
रविशंकर प्रसाद ने कहा कि देश के लोग अच्छे काम करने वालों को उसका फल देते हैं। हरियाणा और महाराष्ट्र में जनता ने हमें आशीर्वाद दिया। झारखंड में भी जो विकास और डबल इंजन की सरकार चाहते हैं, वे भाजपा की सरकार जरूर बनाएंगे। केंद सरकार झारखंड के विकास के लिए तत्पर रहेगी। अर्जुन मुंडा ने कहा कि राज्य की जनता की आकांक्षा के अनुरूप संकल्प पत्र तैयार किया गया है। राज्य सरकार ने वर्ष 2014 से साल 2019 तक बहुत काम किया। आगे और काम होगा। यह जनता का संकल्पपत्र है।
![]()













Leave a Reply