विज्ञान मेला में बाल वैज्ञानिकों ने दिखाई अपनी प्रतिभा
एन. के. सिंह/फुसरो (बोकारो)। बोकारो जिला के हद में अनपति देवी सरस्वती शिशु विद्या मंदिर फुसरो में विद्यालय स्तर पर 28 अगस्त को विज्ञान मेला का आयोजन किया गया। जिसमें कक्षा चतुर्थ से दशम तक के बाल वैज्ञानिकों ने अपनी प्रतिभा को दिखाते हुए विज्ञान संबंधी विभिन्न विषयों पर आकर्षक प्रदर्शों की प्रस्तुति की।
आयोजित विज्ञान मेला का उद्घाटन विद्यालय के प्रधानाचार्य पंकज कुमार मिश्रा, सचिव अमित कुमार सिंह, उपाध्यक्ष राम नरेश द्विवेदी, कस्तूरबा श्रीविद्या निकेतन के सचिव धीरज कुमार पांडेय, विद्यालय समिति सदस्य शंकर ठाकुर, पूर्व विज्ञान आचार्य अनपति देवी विद्यालय उपेंद्र कुमार तथा रामरतन उच्च फुसरो के विज्ञान आचार्य संजय त्रिपाठी ने भारत के महान वैज्ञानिक के चित्र पर दीप प्रज्वलित, पुष्प अर्पित एवं दीप मंत्र के साथ किया।
इस अवसर पर उपस्थित बाल वैज्ञानिकों को संबोधित करते हुए उपरोक्त अतिथियों द्वारा कहा गया कि विज्ञान का संबंध नित्य नए उपयोगी खोजों से है। सतत खोज एवं परिश्रम के पश्चात ही वैज्ञानिक जो निष्कर्ष निकालते हैं वह सिद्धांत विज्ञान की दृष्टि में सिद्ध होता है। अतिथियों ने यहां भैया – बहनों द्वारा तैयार प्रदर्शनी को देखा और उनकी पूरी प्रशंसा के साथ ही उनके उज्जवल भविष्य की कामना भी की।
इस अवसर पर विद्यालय के प्रधानाचार्य ने कहा कि विद्या भारती इस प्रकार के मेले के माध्यम से बालकों के अंदर विज्ञान विषय के प्रति रोचकता बढ़ाने का कार्य करती रही है। भैया- बहनों ने इस प्रदर्शनी में वैज्ञानिक सोंच के आधार पर विज्ञान से संबंधित प्रदर्श बनाए हैं। प्रदर्शन मॉडल एजुकेशन की वैज्ञानिक प्रस्तुति है। कहा कि इस प्रकार के कार्यक्रम से बच्चों के सर्वांगीण विकास का पथ प्रशस्त होता है। यहां से जो भैया-बहन चयनित होंगे, वे प्रांतीय स्तर की प्रतियोगिता में भाग लेकर क्षेत्र और उसके बाद अखिल भारतीय स्तर की प्रतियोगिता में सम्मिलित होंगे। उन्होंने कहा कि हमें विश्वास है कि हमारे बालक इन प्रदर्शन के माध्यम से विद्यालय का नाम रोशन करेंगे।

कार्यक्रम के प्रमुख विद्यालय के विज्ञान आचार्य उमाशंकर सिंह, रवि कुमार मोदी, शंकर साव, सोनाली कुमारी, रवि कुमार सोनी ने बताया कि यह प्रतियोगिता तीन वर्गों यथा शिशु, बाल तथा किशोर वर्गों में की जा रही है, जिसमें ऊर्जा संरक्षण, कचरा प्रबंधन, जल प्रबंधन, सौर ऊर्जा, जीवाश्म ईंधन, सेंसर बेस्ड मॉडल, नवाचारित प्रदर्श आदि प्रस्तुत किए गए। बताया गया कि प्रदर्शनी में तीनों वर्गों से विज्ञान के कुल 45 मॉडल प्रदर्शित किए गए, जिसमें प्रत्येक वर्ग से प्रथम आए प्रदर्श को आगे की प्रतियोगिताओं के लिए चयनित किया गया है। वे पुनः अपनी तैयारी में लगकर आगे की प्रतियोगिताओं के लिए तैयार रहेंगे।
इस अवसर पर निर्णायक जज के रूप में राम रतन उच्च विद्यालय ढोरी के विज्ञान के आचार्य संजय त्रिपाठी, बीडीए कॉलेज पिछरी के पूर्व प्राचार्य एस.एन. सिंह, अनपति देवी सरस्वती विद्या मंदिर फुसरो के पूर्व विज्ञान आचार्य उपेंद्र कुमार उपस्थित थे। साथ हीं विद्यालय के समस्त आचार्य दीदी, कर्मचारी बंधु व् भगनी उपस्थित रहे।
![]()













Leave a Reply