Advertisement

सत्यनिष्ठा शपथ के साथ कथारा क्षेत्र में सतर्कता अभियान का शुभारंभ

एस. पी. सक्सेना/बोकारो। सतर्कता जागरूकता अभियान की तैयारियों को गति देने को लेकर 20 अगस्त को बोकारो जिला के हद में कथारा क्षेत्रीय मुख्यालय सभागार में एक महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन किया गया। बैठक की अध्यक्षता क्षेत्र के महाप्रबंधक संजय कुमार ने की। बैठक में तमाम क्षेत्रीय अधिकारियों, विभागाध्यक्षों एवं विभिन्न परियोजनाओं के पदाधिकारियों ने सक्रिय भागीदारी दर्ज कराई।

जानकारी देते हुए क्षेत्रीय प्रबंधक सीएसआर चंदन कुमार ने बताया कि सतर्कता जागरूकता की तैयारियों को लेकर संपन्न बैठक में महाप्रबंधक संजय कुमार ने अपने संबोधन में इस वर्ष की थीम सतर्कता: हमारी साझा जिम्मेदारी को रेखांकित करते हुए कहा कि पारदर्शिता और ईमानदारी केवल कुछ व्यक्तियों की नहीं, बल्कि प्रत्येक कर्मचारी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उनके अनुसार सतर्कता केवल नियमों के पालन तक सीमित नहीं है, बल्कि संगठन की उत्कृष्टता और दीर्घकालिक सफलता का आधार है।

बैठक में बीते 18 अगस्त से आगामी 17 नवंबर तक चलने वाले तीन माह के उक्त अभियान की कार्ययोजना पर गहन चर्चा की गई। इसमें लंबित शिकायतों के त्वरित निपटान, कर्मचारियों के क्षमता निर्माण, परिसंपत्ति प्रबंधन में सुधार तथा डिजिटल पहल के माध्यम से पारदर्शिता को बढ़ावा देने जैसे आयामों पर विशेष ध्यान दिया गया।

साथ ही रक्तदान शिविर, स्वास्थ्य जांच शिविर, वृक्षारोपण अभियान, खेलकूद प्रतियोगिता और हितधारकों के साथ संगोष्ठियों जैसे कार्यक्रमों को भी योजना का हिस्सा बनाया गया, ताकि कर्मचारियों और स्थानीय समुदाय दोनों को इस अभियान से जोड़ा जा सके। बैठक के समापन पर उपस्थित अधिकारियों ने सत्यनिष्ठा की शपथ ग्रहण कर अपने व्यावसायिक दायित्वों में ईमानदारी, पारदर्शिता और नैतिक आचरण बनाए रखने का संकल्प लिया।

कहा गया कि इस अभियान के माध्यम से न केवल संगठनात्मक पारदर्शिता और उत्तरदायित्व को सुदृढ़ किया जाएगा, बल्कि सामाजिक गतिविधियों के जरिए सामुदायिक जुड़ाव और जन-जागरूकता को भी नई दिशा मिलेगी। इस प्रकार कथारा क्षेत्र में सतर्कता की संस्कृति को और अधिक मजबूत एवं जीवंत बनाने की दिशा में यह अभियान एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगा।

मौके पर महाप्रबंधक संजय कुमार के अलावा महाप्रबंधक सह क्षेत्राधिकारी उत्खनन अभिजीत दत्ता, महाप्रबंधक सह क्षेत्राधिकारी खनन विनोद कुमार, महाप्रबंधक सह क्षेत्राधिकारी विद्युत एवं यांत्रिक बिपिन कुमार, क्षेत्राधिकारी मानव संसाधन माधुरी मडके, क्षेत्राधिकारी अर्जुन कुमार प्रसाद, क्षेत्राधिकारी असैनिक संजय सिंह, क्षेत्राधिकारी खान सुरक्षा राजकुमार वर्णवाल, क्षेत्राधिकारी सुरक्षा सुनील कुमार गुप्ता सहित दर्जनों अधिकारीगण शपथ ग्रहण व् बैठक में शामिल थे।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *