Advertisement

अनुमंडलीय अस्पताल में बधाई हो, बेटी हुई है कार्यक्रम का आयोजन

बेटियों को आगे बढ़ाने व् समाज में बदलाव के लिए मानसिकता में बदलाव जरूरी

सरकार की मंईयां सम्मान योजना महिलाओं को सशक्त करने का माध्यम-बीडीओ

एस. पी. सक्सेना/बोकारो। बोकारो जिला उपायुक्त अजय नाथ झा के निर्देश एवं जिला समाज कल्याण विभाग के आदेश पर बाल विकास परियोजना पेटरवार एवं बेरमो द्वारा 20 अगस्त को बधाई हो, बेटी हुई है कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम अनुमंडलीय अस्पताल बेरमो एवं सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पेटरवार की मातृ–शिशु वार्ड में आयोजित किया गया।

मौके पर बाल विकास परियोजना पदाधिकारी (सीडीपीओ) पेटरवार चंदा रानी, प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) संतोष कुमार महतो, प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ कुंदन राज, बेरमो प्रखंड के बाल विकास परियोजना पदाधिकारी (सीडीपीओ) गीता कुमारी सोय, अनुमंडलीय अस्पताल बेरमो के प्रभारी डॉ शिवानी, अनुमंडलीय अस्पताल बेरमो के उपाधीक्षक डॉ राहुल सिन्हा, हेल्थ मैनेजर संजय प्रसाद, जीएनएम अलका वर्मा, महिला पर्यवेक्षिका मुक्ति कुमारी, कुमारी सुमित्रा, रेखा कुमारी समेत अन्य उपस्थित थे।

इस अवसर पर सर्वप्रथम सीडीपीओ पेटरवार चंदा रानी, बीडीओ संतोष कुमार महतो, प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ कुंदन राज, सीडीपीओ बेरमो गीता कुमारी सोय, अनुमंडलीय अस्पताल प्रभारी डॉ शिवानी, उपाधीक्षक डॉ राहुल सिन्हा व अन्य सभी महिला पर्यवेक्षिका द्वारा नवजात बेटियों के अभिभावकों को क्रमवार उनके घर बेटी होने की बधाई दी गई तथा बेटी के जन्म की इस खुशी को साझा करते हुए सभी पदाधिकारियों ने अभिभावकों को मिठाई खिलाई। साथ हीं केक काटकर उनका मुंह मिठा कराया गया। इसके साथ ही प्रसव के पश्चात आवश्यक मेडिकल कीट और बच्चों से संबंधित किट प्रदान किए गए।

इस अवसर पर कार्यक्रम को जीवंत बनाने के लिए पारिवारिक गीत गाया गया। इससे अभिभावकों के चेहरे पर खुशी का पल साफ झलक रहा था। वे अपने आपको गौरवान्वित महसूस कर रहे थे। कार्यक्रम में पेटरवार बीडीओ एवं सीडीपीओ ने कहा कि बेटी के जन्म को बोझ नहीं समझे। आप अपने आपको सौभाग्यशाली समझें। साथ ही कहा कि अब जमाना बदल गया है, बेटियों के जन्म को खुशी और उल्लास से मनाया जाता है। उन्होंने कहा कि जब तक समाज में मानसिक स्तर पर बेटियों को लेकर समानता का भाव नहीं आएगा, तब तक असल बदलाव संभव नहीं है। उन्होंने क्षेत्रवासियों से आह्वान किया कि समाज में बेटियों को शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार, सुरक्षा जैसे सभी क्षेत्रों में समान अवसर दें। साथ ही, अपने आस पास बेटियों के जन्म पर उनके अभिभावकों को बधाई दें तथा मिठाई जरुर खिलाएं।

प्रखंड विकास पदाधिकारी महतो ने कहा कि राज्य सरकार द्वारा शुरू की गई मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना जैसे कार्यक्रम महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने का ही एक माध्यम है। यह आवश्यक है कि अभिभावक अपनी बेटियों को आगे बढ़ने की पूरी आजादी दें और उनको प्रोत्साहित करें। मौके पर कई चिकित्सक, नर्सिंग स्टाफ, प्रशासनिक पदाधिकारी एवं परिजन उपस्थित थे।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *